कुकर ब्लास्ट: मध्य विद्यालय लतरा में रसोई गैस के बदले चूल्हे पर बन रहा था भोजन, रसोइया घायल
नव-बिहार समाचार, गोपालपुर (नवगछिया)। अनुमंडल अंतर्गत गोपालपुर प्रखंड के डुमरिया चपरघट पंचायत के लतरा गांव स्थित मध्य विद्यालय में बुधवार को दो सौ बच्चों के लिए लकड़ी के एक चूल्हे पर खिचड़ी बनायी जा रही थी।


दूसरे चूल्हे पर कूकर में आलू उबाला जा रहा था। इसी बीच कूकर ब्लास्ट कर गया और रसोइया सुइया देवी (पति प्रकाश ततमा घायल) हो गयी। इस दौरान रसोई घर का छप्पर भी उड़ गया। घायल रसोइया को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी गोपालपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मायागंज रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय की पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। अधिकांश शिक्षक गांव के ही हैं। जिस कारण मनमाने तरीके से विद्यालय को संचालित करते हैं। न तो समय पर विद्यालय खुलता है और न ही मध्याह्न भोजन प्रतिदिन बनता है।

बताया गया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक विद्याकांत भारती घटना के समय मौजूद नहीं थे। प्रखंड साधनसेवी रंजीत मालाबार ने घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय पहुंच कर पूरी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आलोक में जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी तथा गैस के बदले लकड़ी पर मध्याह्न भोजन बनाने के मामले में स्पष्टीकरण मांगा जायेगा।



