नवगछिया के पवन सराफ को प्रमंडलस्तरीय उद्यान प्रदर्शनी 2023 में मिले सर्वाधिक पुरस्कार और विशिष्ट पुरस्कार भी
राजेश कानोडिया, (नवबिहार समाचार / एनबीएस न्यूज), भागलपुर। जिला कृषि कार्यालय परिसर में उद्यान विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रमंडल स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी 2023 का बुधवार को समापन हो गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रादर्श प्रस्तुत करने वाले 196 किसानों को पुरस्कृत किया गया। इसमें नवगछिया के पवन सराफ को सर्वाधिक पुरस्कार मिलने पर विशिष्ट पुरस्कार भी मिला। जेडीए अरुण कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी अनिल यादव, उद्यान विभाग के सहायक निदेशक व विकास कुमार समेत अन्य पदाधिकारियों ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक विकास कुमार ने बताया कि कई ऐसे किसान थे, जिन्हें विभिन्न प्रादर्शों के लिए प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार मिला। इसमें सबसे अधिक नवगछिया के पवन सराफ को मिला। विभिन्न प्रादर्शों के लिए 51 किसानों को प्रथम, 56 को द्वितीय, 52 को तृतीय व 36 को सांत्वना पुरस्कार मिला। विशिष्ट पुरस्कार के लिए 5000 की राशि, प्रथम के लिए 2000, द्वितीय के लिए 1500 और तृतीय के लिए 1000 की राशि दी गयी।
बताते चलें कि नवगछिया के पवन सराफ को लेट्युस सलाद पत्ता, डिफेनबेकिया, पिटुनिया, सालभिया, कैक्टस, के लिए तो पवन सराफ की पत्नी आशा देवी सराफ को बिगोनिया, रबर प्लांट, अरेका पान के लिए और नवगछिया के ही दीपक चिरानिया को फ्रेंच गेंदा और सिनगोनियम के लिए तथा नवगछिया की ही ज्योति चिरानिया को मौसमी फूल के लिए एवं बिहपुर सोनवर्षा के सर्वेश को डिंगरी के लिए तथा राजेश कुमार को शहद के लिए प्रथम पुरस्कार मिला।
जानकारी के अनुसार भागलपुर की इस प्रतियोगिता में नवगछिया के पवन सराफ को कुल 18 और उनकी धर्मपत्नी आशा देवी को 10 और दीपक चिरानिया को 10 पुरस्कार मिले। जबकि इसी वर्ष इससे पहले सबौर के आयोजन में पवन सराफ और आशा देवी ने 10 पुरस्कार प्राप्त किए तथा पटना के आयोजन में पवन सराफ ने 26 और आशा देवी ने 21 और दीपक चिरानिया ने 17 पुरस्कार प्राप्त किए हैं।