नवगछिया के रास्ते गुवाहाटी और देवघर के बीच चलेगी एक स्पेशल ट्रेन
नव-बिहार समाचार, नवगछिया। किशनगंज, बारसोई, कटिहार, नवगछिया, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और बांका स्टेशनों के रास्ते 22 मई को गुवाहाटी से देवघर और 23 मई को देवघर से गुवाहाटी के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाये जाने से इन क्षेत्र के रेलयात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। एक लंबे अरसे इंतजार के बाद गुवाहाटी से भाया मुंगेर पुल (कर्ण सेतु) के रास्ते भागलपुर होते हुए देवघर तक स्पेशल ट्रेन चलेगी। इसको लेकर रेलवे ने समय सारणी भी जारी कर दिया है।
पूर्व मध्य रेल (ECR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार के मुताबिक, कटिहार-नवगछिया-मुंगेर-भागलपुर के रास्ते गुवाहाटी और देवघर के बीच एक स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जायेगा। यह स्पेशल ट्रेन गुवाहाटी से 22 मई को खुलेगी। जबकि, देवघर से 23 मई को खुलेगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 05626 गुवाहाटी-देवघर स्पेशल ट्रेन गुवाहाटी से 22 मई को सुबह 08.30 बजे खुलेगी। यह ट्रेन रात 09.25 बजे कटिहार पहुंचेगी। इसके बाद रात 10.28 बजे नवगछिया और 11.36 बजे खगड़िया पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 07.00 बजे देवघर पहुंच जायेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 05625 देवघर-गुवाहाटी स्पेशल देवघर से 23 मई को शाम 07.30 बजे खुलेगी, जो अगले दिन रात 00.38 बजे खगड़िया, 01.33 बजे नवगछिया और 03.00 बजे कटिहार पहुंचेगी। यह ट्रेन शाम 04.05 बजे गुवाहाटी पहुंचेगी। अप और डाउन में यह स्पेशल ट्रेन कामाख्या, रंगिया, न्यू बोगाईंगांव, न्यू कूचबिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, किशनगंज, बारसोई, कटिहार, नवगछिया, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और बांका स्टेशनों पर रूकेगी।