अपहृत 32 टन मकई सहित ट्रक को नवगछिया पुलिस ने किया बरामद, चार गिरफ्तार, ट्रक ड्राइवर लापता
राजेश कानोडिया, नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत 22 मई को अपहृत 32 टन मकई सहित ट्रक को तो नवगछिया पुलिस ने अलग अलग जगह से बरामद कर लिया है। लेकिन ट्रक ड्राइवर रामपुकार अब भी लापता ही बताया जा रहा है। जिसकी बरामदगी नवगछिया पुलिस नहीं कर पायी है। इसकी पुष्टि करते हुए नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि ट्रक ड्राइवर की बरामदगी के बाद ही घटना का पूरी तरह से खुलासा हो पायेगा।
उपरोक्त जानकारी देते हुए नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि 22 मई को राजकुमार यादव उर्फ पंकज यादव पिता स्व ब्रह्मदेव प्रसाद यादव बगड़ी निवासी का लिखित आवेदन प्राप्त हुआ था। जिसमे एक ट्रक WB 37E 1388 पर लदे 32.300 टन मकई सहित गायब होने की सूचना दी गई। जिसके आधार पर नवगछिया थाना कांड सं0-136 / 22 दिनांक 22.05.2022 धारा 304/304 कायम किया गया। कांड की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नवगछिया के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई हेतू निर्देशित किया गया तथा स्वय भी इस कांड के उद्भेदन में संलग्न रहे। गठित विशेष दल के द्वारा तकनीकी अनुसंधान सूचना के आधार पर छापामारी किया गया। कांड में सलिप्त चार अपराधियों की गिरफ्तारी उपरांत लूटे गये ट्रक को जहान्वी चौक टीओपी के पास से बरामद किया गया तथा 32.300 टन मकई को मोहनपुर ओपी (पूर्णिया) थाना क्षेत्र से बरामद किया गया।
वहीं नवगछिया एसपी ने यह भी बताया कि इस मामले में मोहनपुर ओपी क्षेत्र के मनीष कुमार, अखिलेश मंडल और बाले मंडल तथा कदवा ओपी क्षेत्र के निरंजन उर्फ नीरज मंडल को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही ट्रक चालक का एक कीपैड वाला मोबाइल के साथ साथ इस कांड में उपयोग किया गया अन्य दो मोबाइल भी गिरफ्तार लोगों के पास से बरामद किया गया है। इस मामले की छापेमारी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में नवगछिया के प्रभारी थानाध्यक्ष शिव प्रसाद रमानी, गोपालपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार, ढोलबज्जा थानाध्यक्ष प्रभात कुमार, नवगछिया थाना के चंदन कुमार के अलावा जिला अनुसंधान इकाई की टीम और नवगछिया थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।