भागलपुर हवाई अड्डा से हवाई जहाज की उड़ान सेवा शुरू करेगा राइप एयरलाइंस
नव-बिहार समाचार। बिहार के भागलपुर स्थित हवाई अड्डे से घरेलू उड़ानों का संचालन जल्द ही शुरू हो सकता है. इसकी संभावनाएं तलाशने के लिए विमान कंपनी राइप एयरलाइंस की टीम शनिवार को भागलपुर पहुंची. राइप एयरलाइंस की टीम ने भागलपुर हवाई अड्डे का निरीक्षण करने के साथ ही यहां से घरेलू उड़ानें संचालित करने की संभावनाओं पर जिला प्रशासन के साथ चर्चा भी की.
भागलपुर से दिल्ली, कोलकाता व पटना के लिए वायुसेवा शुरू करने की पहल तेज हो गयी है. भागलपुर से हवाई जहाज का परिचालन शुरू करने के लिए राइप एयरलाइंस का 20 सीटर विमान तीन मई को हवाई अड्डे पर ट्रायल के लिए उतरेगा. विमान सेवा करने शुरू से पहले राइप एयरलाइंस ने सांसद अजय मंडल के साथ शनिवार को हवाई अड्डे का सर्वे किया निरीक्षण में राइप एयरलाइंस के चेयरमैन विजेंद्र कुमार मिश्रा व सीओ अंकित कुमार समेत जिला प्रशासन से एडीएम, डीसीएलआर, डीटीओ, नगर आयुक्त, सिटी एसपी समेत हवाई जहाज सेवा संघर्ष समिति के कई सदस्य शामिल हुए.
भागलपुर हवाई अड्डे का निरीक्षण करने के बाद राइप एयरलायंस के चेयरमैन ने मीडिया को बताया कि भागलपुर का एयरपोर्ट 1100 मीटर लंबा है. यहां से शुरुआत में 20 सीटर विमान का परिचालन किया जा सकता है. पैसेंजर की उपलब्धता के बाद 50 सीटर विमान का परिचालन दो से तीन पालियों में रोजाना किया जायेगा. ट्रायल के लिए हमने अक्षय तृतीया यानी तीन मई की तिथि तय की है. विमानन कंपनी के चेयरमैन ने बताया कि एयर सेवा शुरू करने के लिए जिला प्रशासन व सांसद ने हर सहयोग का वादा किया है. एयरपोर्ट से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी केंद्रीय नागरिक विमानन व उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को दी जायेगी. मंत्रालय से स्वीकृति के बाद विमान सेवा शुरू करने की पहल तेज की जायेगी.