भागलपुर जिले में फिर लौटा कोरोना, दो महिलाएं मिलीं कोरोना संक्रमित, विभाग हुआ सक्रिय
नव-बिहार समाचार, भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में 41 दिन बाद फिर से कोरोना वापस लौट गया है। मेडिकल कॉलेज के आरटीपीसीआर लैब में जांच के दौरान शुक्रवार को दो महिलाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसमें एक धनौरा एकचारी की 60 वर्षीया व दूसरी 40 वर्षीया महिला पुरैनी लक्ष्मीपुर की रहने वाली बतायी हैं। इससे पहले चार मार्च को जिले में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला था।
जानकारी के अनुसार धनौरा एकचारी की रहने वाली 60 वर्षीया महिला 11 अप्रैल को इलाज कराने मायागंज अस्पताल आई थी। उसके बेटे ने बताया कि अस्पताल ने बेड नहीं रहने पर 25 अप्रैल को ऑपरेशन का डेट दिया था। इससे पहले कोरोना जांच के लिए सैंपल देने को कहा था। सैंपल दिलाकर उसे बहन के घर उस्तू गांव भेज दिया। इस बीच यह रिपोर्ट आयी है। वहीं सिविल सर्जन डॉ. उमेश शर्मा ने बताया कि दूसरी कोरोना संक्रमित महिला पुरैनी लक्ष्मीपुर की रहने वाली है। वह भी मायागंज अस्पताल में ऑपरेशन के लिए आयी थी। दोनों महिलाओं के संपर्क में आए लोगों का भी टेस्ट कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली, गुजरात व मुंबई से आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच के लिए रेलवे स्टेशन पर पहले की तरह फिर से व्यवस्था की जाएगी।