राजेश कानोडिया, नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर)। बिहार के पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत बुधवार की अहले सुबह 4 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। एनएच 31 पर बड़हिया (मोकामा) से पूर्णिया जिले के शहर भवानीपुर को जा रही महिला मजदूरों से भरी मैजिक वाहन खरीक चौक के पास गड्ढे में पलट गई। जिस पर सवार 22 लोगों में से आठ महादलित महिलाएं और तीन युवतियों के अलावे दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए तथा एक पुरुष महादलित मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खरीक पुलिस द्वारा सभी घायलों को इलाज हेतु अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल मायागंज रेफर कर दिया गया।
घायलों में मीना देवी (40 वर्ष), ललिता देवी (45 वर्ष), बुचनी देवी (40 वर्ष), फेकनी देवी (40 वर्ष), ललिता देवी (45 वर्ष), बंटी कुमारी (5 वर्ष), महारानी देवी (40 वर्ष), सविता कुमारी (10 वर्ष), चांदनी कुमारी (10 वर्ष), फूलन देवी (35 वर्ष), धीरज कुमार (7 वर्ष), तेतरी देवी (36 वर्ष), गुरो कुमारी (15 वर्ष) बताई गई है। जबकि मृतक का नाम गोपाल ऋषिदेव बताया गया है। ये सभी महादलित मजदूर पूर्णिया जिले के रुपौली प्रखंड अंतर्गत शहर भवानीपुर थाना क्षेत्र के अकबरनगर निवासी बताए गए हैं। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताये जा रहे हैं। जो मसूर दाल की फसल तैयार करने के लिए गए हुए थे। फसल तैयार करने के बाद सभी एक ही वाहन से वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच एनएच 31 पर खरीक चौक पार करने के बाद मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। जिसका चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।