खरीक स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं के लिए कहलगांव विधायक ने विधानसभा में उठायी मांग
पूर्व मध्य रेल अंतर्गत नवगछिया खगड़िया रेल खंड स्थित खरीक रेलवे स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज नहीं होने के कारण यात्री जान जोखिम में डालकर पटरी पार कर ट्रेन पकड़ने एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म जाते हैं। साथ ही खरीक रेलवे स्टेशन पर शौचालय एवं पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं के घोर अभाव को लेकर कहलगांव के भाजपा विधायक पवन कुमार यादव ने बिहार विधानसभा में गैर सरकारी संकल्प के जरिए अवगत कराते हुए मंगलवार को सरकार से खरीक रेलवे स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण एवं शौचालय, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के निर्माण कराने के लिए केंद्र सरकार से सिफारिश करने का अनुरोध किया।
वहीं विधानसभा में मंत्री जी ने विधायक पवन यादव के प्रस्ताव को स्वीकृत करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से केंद्र सरकार से खरीक रेलवे स्टेशन पर ओवरब्रिज निर्माण एवं शौचालय एवं मूलभूत सुविधाओं के निर्माण का अनुरोध किया जाएगा। खरीक एवं आसपास के क्षेत्र वासियों के लिए यह एक बड़ी खुशखबरी है।