शराब पार्टी के बाद दोस्तों ने बुलाया था घर से, सुबह बहियार में दोनों हाथ बांधा मिला नन्हकू राम का शव
बिहार के पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत कदवा ओपी थाना क्षेत्र के पकरा टोला व कासीमपुर कदवा के बीच बहियार में, रविवार की सुबह खेतों में काम करने गए कुछ किसानों को एक युवक की लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. शव को देखने सैकड़ों लोगों की भीड़ घटना-स्थल पर जमा हो गई. लेकिन, किसी ने भी शव की पहचान नहीं की. सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद मृतक की पहचान कदवा ओपी थाना क्षेत्र के गोला टोला कदवा निवासी चंद्रदेव राम उर्फ चानो राम के पुत्र नंदकिशोर राम उर्फ नन्हकू राम के रूप में हुई.
घटना की जानकारी मिलते हीं नन्हकू राम के घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना की सूचना मिलने के बाद कदवा पुलिस ने सदल-बल के साथ मौके पर पहुंच कर मामले की जांच-पड़ताल की. थानाध्यक्ष चंदन कुमार दूबे ने बताया कि- मृतक की पहचान हो गई. हत्यारों ने नन्हकू राम की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की है. मृतक के चेहरे पर धारदार हथियार के निशान भी थे. हत्या के बाद घटनास्थल पर गिरे खून को हत्यारों ने मिट्टी से ढक कर शव के दोनों हाथ पीठ के पीछे बांध कर करीब 20 मीटर पश्चिम जलकुंभी की ढेर पर फेंक दिया था.
कदवा पुलिस ने शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. हत्यारोपितों का पता लगाया जा रहा है. वहीं नवगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार ने भी घटना स्थल पहुंच कर मामले की छानबीन की. मृतक के भाई मुकेश राम ने पुलिस को अपने फर्दबयान में बताया है कि शनिवार की शाम करीब 6:00 बजे थाना क्षेत्र के ही खैरपुर बाजार निवासी राजेश जायसवाल का बेटा रवि जायसवाल मेरे घर आया और भाई को बहला-फुसलाकर यह कह कर साथ ले गया कि चलो एक काम है. बाद में कदवा के मिलन चौक पर करीब 7:00 बजे रवि कुमार, गोला टोला निवासी कमलेश्वरी भगत के बेटे विभूति कुमार व एक अन्य साथियों के साथ नन्हकू को देखा गया था. सभी नशे में था. सभी ने मेरे भाई को खिला पिला कर एकांत जगह ले जा कर हत्या कर दी है. रविवार की सुबह भी रवि जायसवाल मेरे घर आ कर सिर्फ इतना ही पूछे नन्हकू कहां है? उसके बाद मोटरसाइकिल से निकल गया.
वहीं मृतक नन्हकू की भाभी हिरण देवी ने बताया कि- रवि नन्हकू के दोस्त हैं. उनके साथ बोड़वा टोला के एक दीपक सिंह नाम के भी आदमी थे. सभी ने घर में ही साथ बैठ शराब पीकर निकले थे. सुबह पता चला नन्हकू का हत्या हो गया. मृतक चार भाईयों में सबसे छोटा था. पीछले साल फरबरी माह में नन्हकू की शादी हुआ थी. उसको कोई संतान नहीं है.