मुर्गा व्यवसायी हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त था दुमका जेल में बंद, लाया गया नवगछिया जेल, होगी पूछताछ
राजेश कानोडिया, नवगछिया। आदर्श थाना नवगछिया क्षेत्र अंतर्गत मनियामोर सड़क पर 17 दिसम्बर की देर शाम मुर्गा व्यवसायी मो० एहसान की गोली मारकर हत्या करने का मुख्य आरोपी मो संजार एक मामले में झारखंड के दुमका जेल में बंद था। उसे गुरुवार को झारखंड पुलिस ने नवगछिया पहुंचाया है। जिसे गुरुवार की शाम को ही नवगछिया जेल भी पहुंचा दिया गया। जिसे नवगछिया पुलिस जल्द ही रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। जिससे मामले का खुलासा हो सकेगा।
वहीं इस हत्याकांड के नामजद अभियुक्त मो० संजार ने बताया कि वह एक मामले में 23 जून से ही दुमका जेल में बंद था। जिसे अब नवगछिया लाया गया है। वहीं नवगछिया थानाध्यक्ष इन्सपेक्टर भारत भूषण में बताया कि उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने पर मामले का पूरा खुलासा होना संभव है। इधर नवगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार ने कहा कि जब वह जेल में था तो हत्या में सीधे शामिल नहीं हो सकता है, लेकिन हत्या की साजिश में जरूर शामिल होगा। इसका खुलासा भी जल्द हो जायेगा।
बताते चलें कि मुर्गा व्यवसायी मो एहसान की हत्या मामले में उसके पिता मो अंसारूल हक के बयान पर नवगछिया थाना में 17 दिसंबर को ही मामला दर्ज हुआ है। जिसमें बताया गया है कि काला रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार मो संजार, मो गुफरान और मो तिखरूर ने ओवरटेक करके मो एहसान की मोटरसाइकिल को रोका और सामने से गाली गलौज करते हुए मो संजार आलम ने अपने हाथ मे लिये देशी कट्टा चला दिया। जिसकी गोली दाहिने आंख के पास लगते ही वह गिर गया। इसके बाद मो गुफरान और मो तिखरूर ने भी नजदीक से जाकर गोली चला दी। इस हत्याकांड में कुल दस लोगों को नामजद किया गया है। इस बयान में यह भी बताया गया है कि वह तीन दिन पहले जेल से छूट कर आया है। जबकि 23 दिसंबर को झारखंड पुलिस ने उसे नवगछिया जेल तक पहुंचाया है।