राजेश कानोडिया, नव-बिहार समाचार, नवगछिया।
मक्का और केला के लिए देश भर में मशहूर भागलपुर जिले के नवगछिया में अब एक किसान ने इन सबसे अलग फलों की खेती पर विशेष ध्यान दे दिया है। इसके साथ ही जो सेब कश्मीर और हिमाचल की वादियों में नजर आते थे, वो अब नवगछिया की धरती पर भी नजर आने लगे हैं। नवगछिया प्रखंड अंतर्गत तेतरी के किसान गोपाल सिंह ने यह सच कर दिखाया है। जिसने 4 एकड़ जमीन में एक हजार पेड़ लगाकर सेब की खेती शुरू कर दी है। जहां इस वर्ष पहली बार नवगछिया की धरती पर पेडों में सेब के फल दिखे हैं।
किसान गोपाल सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के विलासपुर से सेब का पेड़ लाया था। 3 वर्ष पहले सभी पेड़ लगाए गए थे। इस वर्ष कम फलन हुआ है, अगले वर्ष सभी पेड़ों में फलन होने लगेगा। उन्होंने कहा कि फरवरी महीने में सभी पेड़ों में फूल आते हैं और जुलाई में पककर तैयार हो जाता है।
इतना ही नहीं जिस अनानास की खेती सिलीगुड़ी में होती थी, किसान गोपाल सिंह ने अपने खेत में पहली बार 3 एकड़ में अनानास की खेती की है। पहले ही वर्ष में पौधों में फल भी आने लगा है। नवगछिया में केले की खेती करने वाले किसान गोपाल सिंह ने अब इससे हटकर सेब और अनानास के साथ साथ वीएनआरवी अमरूद, थाई बेर, नारंगी और मौसंबी की भी बागानी शुरू की है।
