स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मामले की पड़ताल के लिए खुद वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती वहां पहुंचे। एसएसपी ने जिले के कई पुलिस अधिकारी व कई थानों की पुलिस को वहां बुला लिया है। डॉग स्क्वायड से भी हत्या की जांच कराई जा रही है। जानकारी के अनुसार अपराधियों ने सीनियर अधिवक्ता की हत्या के बाद उनकी चारपहिया वाहन भी लेकर फरार हो गये है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार उनके घर से रुपये, जेबरात, कपड़ा आदि गायब हैं।
घटना की सूचना मिलने पर डीआइजी सुजित कुमार भी वहां पहुंचे। उन्होंने उनके घर के प्रत्येक भाग का जायजा लिया। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता उनके आवास पर पहुंच गए हैं। वहीं, शहर के बुद्धिजीवि और आम लोगों का भी उनके आवास में आना जारी है। इस घटना के पूरा शहर स्तब्ध है। हर जुवां पर कामेश्वर पांडेय की हत्या की चर्चा है। जिला विधिज्ञ संघ में भी लोग जगह-जगह गोलबंद होकर इस घटना की चर्चा कर रहे हैं। अधिवक्ताओं में भी इस घटना को लेकर भय और आक्रोश व्याप्त है।
बताते चलें कि कामेश्वर पांडेय का पैतृक घर नवगछिया अनुमंडल के तीनटंगा गांव में है। वे भागलपुर अदालत में क्रिमिनल लॉयर थे। इस हत्या के बाद उनके पैतृक गांव मे भी शोक का माहौल है। इस घटना की सूचना से गांव के लोगों मे भी रोष है। जानकारी के अनुसार गांव के बुद्धिजीवी और परिजन भी भागलपुर के लिए निकल चुके हैं।