नव-बिहार समाचार, नवगछिया (एनएनएन)। पुलिस जिला नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौदह नंबर सड़क पर गोसाईगांव मोड़ के समीप एक शादी समारोह से लौट रहे बाइक को हाइवा ट्रक की जोरदार टक्कर लगने से बाइक चालक और सवार दोनों की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि इस दुर्घटना के दौरान बाइक पर सवार एक युवक दूर झाड़ी में फेंका गया। जिसे गंभीर हालत में अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। जहां उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल मायागंज रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार यह सड़क दुर्घटना मंगलवार की अहले सुबह लगभग चार बजे हुई। जब तेतरी दुर्गा स्थान के समीप बीती रात हुई एक शादी समारोह के बाद अहले सुबह घर वापस आने के दौरान चौदह नंबर सड़क पर गोसाईगांव मोड़ के समीप हाइवा ट्रक ने जोरदार टक्कर दे मारी। जिसके फलस्वरूप पल्सर बाइक चालक नवगछिया नवादा निवासी तुलसी प्रसाद मंडल के 22 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार और बाइक सवार खगड़िया जिले के मानसी खुटिया निवासी अशेसर यादव के 25 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार का सर क्षतिग्रस्त होने की वजह से दोनों की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि इसी बाइक पर सवार नगरह निवासी एक युवक झाड़ी में फेंका गया। जिसे बेहतर इलाज हेतु मायागंज रेफर कर दिया गया।
गोपालपुर पुलिस द्वारा दोनों मृतक युवकों के शव को अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया लाया गया। जहां दोनों युवकों का पोस्टमार्टम करवाकर दोनों के परिजनों को सौंप दिया गया। दोनों परिवारों में भारी कोहराम मच गया। शादी की खुशी गम के माहौल में बदल गई।