नव-बिहार समाचार, नवगछिया। आदर्श थाना क्षेत्र के उजनी के पास खरनई में छह फरवरी को बोरे में बंद मिली अज्ञात लाश की पहचान नवगछिया पुलिस द्वारा कर ली गई है। जिसकी पहचान नवगछिया थाना क्षेत्र के मनियामोर निवासी नरेश मंडल की 16 वर्षी पुत्री अंजू कुमारी के रूप में की गई है। मृतक युवती की पहचान के बाद पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
नवगछिया पुलिस ने मामले का उदभेदन करते हुए कहा की लड़की की हत्या परिजनों द्वारा की गई है। हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए शव को बोरे में डाल कर पानी मे फेंक दिया गया था। लड़की की पहचान के बाद लड़की के माता पिता व परिजन घर छोड़ कर फरार हो गए हैं। थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा ने कहा की लड़की की पहचान कर ली गई. लड़की के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। लेकिन पहचान के बाद भी परिजन शव को लेने के लिए नही आए हैं। शव को पुलीस 72 घंटे के बाद डिस्पोजल कर देगी। मृतक के घर पर पुलिस टीम भी गई थी लेकिन घर के सभी सदस्य घर छोड़ कर फरार हो गए हैं। मामला ऑनर किलिंग का है। पुलिस पदाधिकारी के बयान पर पूर्व में ही थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मृतक के शव का डीएनए सेंपल रखा है। जिससे मृतक के माता पिता के डीएनए जांच कर मिलान किया जाएगा। पुलिस इस मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक लड़की का मनियामोर के ही अरविंद राम के पुत्र सौरभ कुमार से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के प्रेम प्रसंग की जानकारी मिलने पर परिजनों द्वारा इसका विरोध किए जाने के बाद भी लड़की उस युवक से शादी करना चाहती थी जिस कारण परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को गायब कर दिया था। नवगछिया थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा ने कहा कि अक्टूबर माह में लड़की युक्त युवक के साथ भाग कर कुर्सेला चली गई थी। इस घटना के बाद गांव में पंचायत हुई थी। पंचायत के बाद लड़की को उसके परिजनों को सौपा गया था।
शव की पहचान उसके पास से बरामद हुए मोबाइल फोन से पुलिस ने की है। महिला के पास से शुक्रवार को पोस्टमार्टम के दौरान एक मोबाइल फोन बरामद हुआ था। पुलिस ने बताया कि उक्त मोबाइल फोन लड़की के प्रेमी सौरभ कुमार ने ही खरीद कर दिया था। घटना के संदर्भ में सौरभ कुमार एवं उनके परिजनों से पुलिस ने पूछताछ की। लड़की के प्रेमी एवं परिजनों ने पुलिस के समक्ष पूरी कहानी बता दी है।
नवगछिया पुलिस ने बताया कि अनुसंधान में बात सामने आई है मृतक लड़की दो दिसंबर से ही गायब थी। लड़की के गायब होने के बाद भी परिजनों द्वारा पुलिस को किसी प्रकार की कोई जानकारी नहीं दी गई। पुलिस का मानना है कि जिस दिन लड़की गायब हुई थी उसी दिन उसकी हत्या अपराधियों द्वारा कर दी गई थी। बालू भरे बोरे में शव होने के कारण शव पूरी तरह से नष्ट नहीं हो पाया।