कैमूर में दुष्कर्म मामले पर सरकार हुई गंभीर, अपर मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश कि आज जिले में बंद रहेगी इंटरनेट सेवाएं, नहीं होगा सोशल साइट्स का इस्तेमाल, डीएम ने दिया निर्देश कि वीडियो वायरल करने वाले और अफवाह फैलाने वालों पर होगी प्राथमिकी.
कैमूर में 10वीं की छात्रा से दुष्कर्म का वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी और फांसी की सजा की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर गए. आरोपियों के घरों पर लोगों ने पत्थरबाजी की. कई गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी हुई. कई दुकानों को जला दिया गया. स्थिति अनियंत्रित होता देख कैमूर जिले के सभी थानों की पुलिस, डीएम, एसपी और डीआईजी ने घटनास्थल पर पहुंचकर कमान संभाला. काफी मशक्कत के बाद स्थिति को कंट्रोल किया गया. पुलिस ने एहतियातन शहर की सभी रूटों पर गाड़ियों का परिचालन बंद कर दिया था. दहशत के साए में जी रहे लोगों ने डरकर दुकानें बंद कर घरों में छिप गए.
उधर डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. उन्होंने लोगों को संयम से काम लेने की सलाह दी. डीएम ने कहा कि पुलिस तत्परता से अपना काम कर रही है और कानून किसी को हाथ में लेने की जरूरत नहीं है.
वहीं मामला संवेदनशील होने के बाद जिले में इंटरनेट सेवा बंद कर दिया है. गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुब्हानी की तरफ से लिखित आदेश जारी किया गया है. 25 और 26 तारीख को सभी सोशल साइट्स के उपयोग पर भी प्रतिबंध लगा दिया है. पटना से फॉरेंसिक जांच टीम घटना में प्रयुक्त कार की जांच कर रही है.