ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया के तेतरी दुर्गामेला में हुई गोलीबारी, घायल युवक भागलपुर से पटना रेफर


राजेश कानोडिया, नवगछिया।
नवगछिया के तेतरी दुर्गा मेला में सोमवार 7 अक्टूबर की देर रात लगभग 11:15 बजे गोलीबारी की एक घटना हो गई। जिसमें तेतरी गांव का ही रहने वाला एक युवक घायल हो गया। गोली उसके सीने में लगी। जिसे तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया लाया गया। जहां से उसे बेहतर इलाज हेतु भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल भेज दिया गया। मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल और पदाधिकारी पहुंचकर मामले को शांत कराया।

जानकारी के अनुसार इस गोलीबारी की घटना का कारण मेला में वर्चस्व को लेकर कुछ दिन पहले भी हुई गोलीबारी की घटना से जोड़कर बताया जा रहा है। जिस क्रम में पकरा के एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जा चुका है। इसके बावजूद हुई इस घटना को उसी का परिणाम बताया जा रहा है। जहां गोली किसी और को मारी जा रही थी या दहशत फैलाने के लिए चलाई गई थी। वह गोली रिक्शा चालक डोमी ततमा उर्फ डोमी शर्मा के 17 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के सीने में जा लगी और मेले के दौरान अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

मेले में गोलीबारी के घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। इस दौरान कई थाने की पुलिस वहां पहुंच गई और मामले को शांत कराने में लग गई। वही नवगछिया थाना अध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक राज कपूर कुशवाहा ने बताया की गोलीबारी की घटना हुई है। इसे लेकर प्राथमिकी भी दर्ज की गई है और घायल सोनू को मायागंज अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया है।