ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया को जिला बनवाने की वकालत मैं भी करूँगा- राजस्व मंत्री

जल्द दूर होगी कर्मचारी और अमीन की कमी

नव-बिहार न्यूज एजेंसी, नवगछिया (भागलपुर) : राज्य के राजस्व व भूमि सुधार मंत्री राम नारायण मंडल ने गुरुवार को नवगछिया एसडीओ कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने और पर्चाधारी किसानों को उनकी जमीन पर दखल दिलाने का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि बिहार में भूमि विवाद के सर्वाधिक मामले हैं। इसका मुख्य कारण हल्का कर्मचारी व अमीन का अभाव है। इस संबंध में कर्मचारी चयन आयोग को निर्देश दिया गया है कि वह हल्का कर्मचारी और अमीन की शीघ्र बहाली करें।

राजस्व मंत्री ने कहा कि सभी अंचल में ऑनलाइन दाखिल खारिज करने का निर्देश दिया गया है। पहले किसान को नक्शा नहीं मिलता था। अब मात्र 150 रुपये में अंचल में नक्शा उपलब्ध कराया जा रहा है। जमीन संबंधी विवादों के निपटारे के लिए भूमि उप समाहर्ता, एसडीओ, जिलाधिकारी को निर्देश दिया गया है। मंत्री ने कहा कि अभियान बसेरा के तहत चिन्हित परिवारों को पर्चा निर्गत किया जाए। यह भी ध्यान रखा जाए कि सरकार की योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति को मिले। योजनाओं के क्रियान्वयन में बिचौलिया प्रथा समाप्त करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि हर हाल में सुशासन की सरकार की कार्य दिखना चाहिए।

एसडीओ मुकेश कुमार ने मंत्री को बताया कि बाढ़ के समय अनुमंडल कार्यालय जलमग्न हो जाता है। इससे बचने के लिए मल्टी स्टोरेज बिल्डिंग के निर्माण की मांग की गई है। बैठक में भूमि उपसमाहर्ता एसके अलबेला समेत सभी प्रखंडों के बीडीओ और सीओ मौजूद थे।

इस बैठक से पहले मंत्री राम नारायण मंडल ने गोपाल गोशाला में आयोजित भाजपा के शक्ति केंद्र के प्रभारियों की बैठक में भी शिरकत की। यहां मंत्री ने कहा कि सभी शक्ति केंद्र के प्रभारियों के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने के लिए धन संग्रह किया जाएगा। इसके लिए भाजपा ने धन संग्रह अभियान चलाया है। प्रत्येक बूथ पर चंदा देने वालों का लिस्ट तैयार किया जाएगा, जो भी धन संग्रह होगा उसे पार्टी कोष में जमा किया जाएगा। जमा धन के इंटरेस्ट से संगठन चलाने के लिए खर्च किया जाएगा।

इस मौके पर मंत्री को बुके व अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विनोद मंडल ने की। मौके पर पूर्व विधायक इंजीनियर शैलेंद्र, पूर्व सांसद अनिल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध सिंह कुशवाहा, जिला परिषद सदस्य शबाना आजमी, कुमकुम देवी, नंदनी सरकार, प्रवीण भगत, पुनम चौरसिया, अजय सिंह कुशवाहा, मुकेश राणा, विजेंद्र शर्मा आदि भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

वहीं देर शाम राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल का स्थानीय व्यावसायिक संगठनों द्वारा भी बालभारती स्कूल में भव्य स्वागत किया गया। मौके पर आयोजित कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य परिषद के सचिव पवन कुमार सर्राफ ने किया। जहां नागेश्वर प्रसाद, जगदीश मावंड़िया, शंकर लाल केड़िया, दयाराम चौधरी, कौशल जी, वीरेंद्र सिंह, त्रिपुरारी कुमार भारती, शंभु रुंगटा, राम प्रकाश रुंगटा, प्रवीण भगत, अनिल केजरीवाल, सुभाष चंद्र वर्मा सहित दर्जनों संगठनों के प्रमुख लोग मौजूद थे। मौके पर शहर की कई समस्यायों से अवगत कराते हुए एक आवेदन भी सौंपा गया। साथ ही स्थानीय गौशाला समिति द्वारा एक गौमाता का प्रतीक प्रदान किया गया।

इसी दौरान राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल ने नवगछिया वासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आपकी काफी पुरानी मांग नवगछिया को पूर्ण जिला बनाने की वकालत मैं भी सरकार से करूँगा। उस कमिटी में पांच लोग सदस्य हैं, जिसका मैं भी एक सदस्य हूँ, अध्यक्ष उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी हैं। आपलोग इसके मानक को पूरा करने की सभी जानकारी पूरे विवरण सहित सरकार को भेजें और उसकी एक प्रति मुझे भी भेजें।