ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

भागलपुर सहित बिहार भर में ठंड और कोहरे के कहर जारी, और बढ़ने की संभावना

नव-बिहार न्यूज नेटवर्क, भागलपुर/पटना : पिछले दो सप्ताह से भागलपुर सहित पूरे बिहार में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। जिसके अभी और बढ़ने का भी अनुमान लगाया जा रहा है। सड़क, रेल यातायात और विमान सेवाएं प्रभावित हैं। पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। उत्तर-पश्चिम से आ रही बर्फीली हवा ने भागलपुर और पटना सहित पूरे सूबे को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है।

शुक्रवार को भागलपुर में भगवान भाष्कर दर्शन देकर चले गए। गया राज्य में सबसे ठंडा रहा। वहां तापमान 3.8 डिग्री तक गिरा। यहां न्यूनतम तापमान पिछले पांच वर्षो में सबसे नीचे आया है। वहीं, भागलपुर में न्यूनतम 4.8 डिग्री तापमान रहा। जो इस साल का सबसे ठंडा दिन रहा। पटना का न्यूनतम तापमान भी विगत दो वर्षो का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 4.7 पर पहुंच गया। फिलहाल ठंड का मिजाज नरम होने वाला नहीं है।

शनिवार को तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है। पूर्णिया, फारबिसगंज और गया में कोल्ड डे रहा। भागलपुर और आसपास के जिलों बांका, पूर्णिया, कटिहार, मुंगेर, खगड़िया और मधेपुरा आदि में शीतलहरी के कारण तापमान गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। बाजारों में रौनक गायब है। दुकानें सुबह लेट से खुली और शाम को जल्दी बंद हो रही हैं। सरकारी कार्यालयों में भी उपस्थिति कम नजर आ रही है। अधिकांश लोग घरों में दुबके भी रहे।

भागलपुर जिला पदाधिकारी आदेश तितरमारे ने बढ़ती ठंड और शीत लहर को देखते हुए जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में 10 जनवरी तक के लिए वर्ग 9 तक के पठन पाठन पर रोक लगा दी है। जबकि वर्ग 10 का पठन पाठन 10 बजे के बाद शुरू करने का आदेश दिया गया है और आंगनबाड़ी के समय में भी बदलाव किया गया है।