ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया में राजद के बंद को जदयू और भाजपा ने बताया बेअसर

नव-बिहार समाचार, नवगछिया / बिहपुर : राजद के बिहार बंदी को लेकर गुरुवार को सड़कों पर वाहनों के नहीं चल पाने के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिहार सरकार के बालू खनन अधिनियम के विरोध में राजद ने बिहार बंद का आह्वान किया था। राजद के कार्यकताओं ने नवगछिया बाजार में घूम-घूम कर दुकानें बंद कराई। बहुत से लोग नवगछिया बाजार जरूरी सामान खरीदारी करने के लिए नवगछिया बाजार पहुंचे थे, जो दुकानें बंद रहने से बगैर खरीदारी किए ही वापस लौट गए।

राजद कार्यकर्ताओं ने एनएच-31 को भी मकंदपुर चौक के पास जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में कई स्कूली वाहन सहित एम्बुलेंस भी फंसे रहे। रोगियों के परिजन एम्बुलेंस को जाम से निकलने के लिए कार्यकताओं से गुहार लगा रहे थे। जाम से यात्रियों को भी काफी परेशानी हुई। मकंदपुर चौक पर जाम कर रहे राजद कार्यकर्ताओं पर गोपालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में 11 लोगों को नामजद व एक सौ अज्ञात कार्यकर्ताओं को आरोपित बनाया गया है।

रंगरा चौक के पास भी राजद कार्यकर्ताओं एनएच को जाम कर प्रदर्शन किया। बीडीओ ने कार्यकर्ताओं को समझाकर जाम हटवाया। वहीं नारायणपुर में भी राजद के बिहार बंद से लोगों को काफी परेशानी हुई। राजमार्ग पर बड़े वाहन नहीं चले। तीन पहिया वाहनों ने यात्रियों से मनमाना भाड़े वसूले। व्यवसायियों ने बताया कि बंद से व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ा है। नारायणपुर प्रखंड में बिहार बंद को सफल बनाने के लिए एनएच-31 पर राजद प्रखंड अध्यक्ष केदार शर्मा के नेतृत्व में नारायणपुर चौक पर नरेन्द्र कुमार उर्फ भूपाली यादव, छात्र राजद नेता दुर्गेश कुमार सोनू, अरूण यादव, अशोक यादव, दिलखुश यादव, पवन यादव, बिपीन बिहारी यादव, अरूण यादव, बैरिस्टर सिंह आदि एकजुट थे।

राजद नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बिहपुर में प्रखंड अध्यक्ष मोईन राईन के नेतृत्व प्रखंड कार्यालय व बिहपुर बाजार को बंद कराया। सड़क यातायात को भी कुछ देर के लिए प्रभावित किया तथा वाहनों को रोका। शांतिपूर्ण बंदी कार्यक्रम में जिला राजद के मीडिया प्रभारी लक्ष्मण यादव, प्रखंड युवा राजद के प्रखंड अध्यक्ष महमूद गजनबी, उपाध्यक्ष अमनआनंद, छात्र नेता प्रत्युश पासवान, प्रखंड उपाध्यक्ष कलीम खां, युवा राजद के मु.आफताब, सोनू झा, पंकज महतो एवं किशोर मंडल आदि राजद नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।

उधर, भाजपा के नवगछिया पुलिस जिला के प्रवक्ता गौतम कुमार ने कहा कि राजद के बिहार बंद का नवगछिया पुलिस जिले में कोई असर नहीं दिखा। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार के गुनाहों को छुपाने के लिए लालू जी का बालू नीति पर बंदी बहाना है। बालू से उनकी करोड़ों की कमाई बंद हो गई। इसीलिए राजद ने आमजनों व गरीबों को परेशान किया। राजद की यह बंदी फ्लॉप रही।

जदयू के जिला प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी कुमार मिलन सागर ने कहा कि राजद का बुलाया गया बिहार बंद पूर्णरूपेण असफल रहा। राजद के कार्यकर्ता लाठी डंडे  से सड़कों, बाजारों एवं आम राहगीरों पर गुंडागर्दी करते दिखे। जब से राजद सत्ता से बेदखल हुई हैं,बौखला गई हैं। क्योंकि वह दिन दूर नहीं अवैध संम्पति मामले में लालू परिवार को जेल की हवा खानी होगी। लालू आपने कुकृत्य को कितना भी छिपा लें वो छिपने वाला नहीं है, क्योंकि बिहार में सुशासन की सरकार है। इसलिये बिहार की जनता कर रही पुकार
जेल में डालो लालू को सपरिवार। जिलाध्यक्ष नवगछिया चंदेश्वरी प्रसाद सिंह निषाद ने भी राजद बंद को पूरी तरह से असफल बताया। युवा जदयू के जिलाध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार भारती ने कहा कि राजद का बिहार बंद पूरी तरह बेअसर रहा।