नव-बिहार समाचार, नवगछिया। भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत रंगरा चौक अंचल के नाजिर सदानंद तांती को शुक्रवार की शाम रंगरा पुलिस ने 20 लाख के बाढ़ राहत सामग्री खरीद घोटाले के आरोप में गिरफ्तार कर नवगछिया जेल भेज दिया है। जबकि पुलिसिया अनुसंधान में इस घोटाले के अन्य आरोपी रंगरा के ही पूर्व अंचल अधिकारी तरुण कुमार केसरी भी हैं, जो इस समय सबौर अंचलाधिकारी के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं । लेकिन अब तक पुलिस की पकड़ वहां तक नहीं पहुंच पाई है। जबकि इस मामले का एक आरोपी अमित जायसवाल ने लगभग दो माह पहले ही कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था।
जानकारी के अनुसार नवगछिया अनुमंडल के रंगरा अंचल अंतर्गत में पिछले साल आई बाढ़ में राहत सामग्री की खरीद को लेकर 20 लाख का घोटाला सामने आया था। जिसे लेकर अंचल अधिकारी रंगरा चौक जितेंद्र प्रसाद राम ने रंगरा सहायक थाना में 13 सितंबर 2017 को कांड संख्या 214/17 दर्ज कराया था। इस मामले के आरोपी रंगरा अंचल के नाजिर सदानंद तांती पिछले एक सप्ताह से अपने कार्य से अनुपस्थित पाए जा रहे थे। जिसे कल शुक्रवार की शाम नवगछिया एसपी कार्यालय के समीप चक्कर लगाते देख रंगरा पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर नवगछिया जेल भेज दिया।
बताते चलें कि पिछले साल बाढ़ राहत सामग्री वितरण के लिए नवगछिया के किराना व्यवसाई अमित जायसवाल से चुड़ा एवं गुड़ की खरीद की गई थी। इसके एवज में व्यवसाई को 1लाख 84000 रुपए का चेक जारी किया गया था। चेक अंचल नाजिर ने ही जारी किया था। जिस चेक में चालाकी से एक के आगे दो लगाकर फर्जी तरीके से 21 लाख 84000 की निकासी उक्त व्यवसाई द्वारा कर ली गई थी।