नव-बिहार न्यूज नेटवर्क, भागलपुर। इंजीनियरिंग कॉलेज भागलपुर के मैकेनिकल शाखा में मंगलवार को इंडियन इंस्टीच्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी साहिबपुर कोलकाता से आए प्रो. बिजन कुमार मंडल ने
अपने व्याख्यान में छात्र-छात्राओं को मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बेहतर भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि तकनीकी के क्षेत्र में हो रहे नित नवीनतम परिवर्तन के बल पर मैकेनिकल इंजीनियरिंग देश के विकास को नई दिशा देगी। इसके लिए उन्होंने रोबेटिक्स, किनेमेटिक्स, रेफरीजेरेशन, एरोस्पेश एवं थर्मल इंजीनियरिंग के बारे में विस्तार से चर्चा की।
बता दे कि साहिबपुर कोलकाता से आठ शिक्षकों को का दल यहां आया है। जिसमें डीन एकेडमिक प्रो. अमित कुमार दास, सिविल के विभागाध्यक्ष प्रो. सुदीन कुमार राय, कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष प्रो. सुलता मिश्रा, इलेक्ट्रिकल के विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक सूत्रधार, टेक्यूप-3 के समन्वयक प्रो. गोपाल चंद्र राय सहित अन्य शामिल हैं। उक्त सदस्यों ने भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के विभिन्न शाखाओं का अवलोकन कर टेक्यूप-3 से लैब और क्लास रूम को अपडेट करने की योजना पर काम करने का जरूरत बताया।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. निर्मल कुमार ने उक्त संस्थान के आए सभी प्राध्यापकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान में मैकेनिकल शाखा के छात्र-छात्राओं को अपने ब्रांच के स्कोप की बेहतर जानकारी मिली। जो भविष्य में काम आएगा।