ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

सृजन महाघोटाला: गिरफ्तार नाजिर को भेजा गया जेल

नव-बिहार न्यूज नेटवर्क( NNN)। अफसरों, कर्मचारियों, बैंकों और सृजन की मिलीभगत से हुए करोड़ों रुपये के सरकारी राशि के घोटाले  के मामले में गिरफ्तार सरकारी कर्मचारी को जेल भेज दिया गया। जिला कल्याण कार्यालय में तैनात आरोपी नाजिर महेश मंडल को
मंगलवार की शाम कोर्ट में पेश किया गया था। एसएसपी मनोज कुमार ने बताया कि जिला कल्याण पदाधिकारी को पटना से भागलपुर लाया जा रहा है। भागलपुर पहुंचने के बाद जेल भेजा जाएगा। वहीं गिरफ्तार नाजिर ने कोर्ट परिसर में कहा कि उसे कल्याण पदाधिकारी ने फंसाया है। मंगलवार को आर्थिक अपराध इकाई की टीम दोपहर से खबर लिखे जाने तक कोआपरेटिव बैंक और सदर अस्पातल के दस्तावेजों की जांच कर रही थी। दोनों कार्यालय का करीब 52 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है।
अब तक कुल 11 आरोपी गिरफ्तार
सरकारी राशि के घोटाले में सोमवार को एसआईटी ने जिला कल्याण पदाधिकारी अरुण कुमार, नाजीर महेश मंडल और इंडियन बैंक के क्लर्क अजय पांडेय के चालक विनोद सिंह को गिरफ्तार किया गया था। इस तरह इस घोटाले में अब तक 11 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अजय को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।  
सरकारी राशि की अवैध निकासी या गबन की राशि 974 करोड़ रुपये से अधिक हो गयी है। जिला भू अर्जन कायार्लय के गबन की राशि बढ़कर 360 करोड़ रुपये हो गयी है। घोटाले को लेकर अब तक नौ प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। कल्याण विभाग और डीआरडीए से भी प्राथमिकी दर्ज होनी है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद विशेष टीम द्वारा गबन की राशि का आकलन कराया जा रहा है। अब तक की रिपोर्ट के अनुसार सृजन या अन्य स्रोत्रों से सरकारी खातों में 320 करोड़ रुपए जमा किया गया है। जिला परिषद और कल्याण विभाग की राशि जोड़ने के बाद आंकड़ा और बढ़ेगा।