ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

श्रावणी मेलाः रांची-सुल्तानगंज के बीच 200 बसें चलेंगी

रांची। श्रावणी मेले में सुल्तानगंज जाने वाले कांवरियों की सुविधा के लिए दो सौ बसें चलाने की तैयारी है। धनबाद-चंद्रपुरा रेल लाइन बंद होने का सीधा असर कांवरियों पर पड़ेगा। रांची से जसीडीह जाने वाली कई ट्रेनें 13 जून से बंद हैं। इस बार चुनिंदा ट्रेनें ही उपलब्ध हैं। अधिकांश ट्रेनें रद हो गई हैं। लोग अब बस सेवा से तीर्थ करने की जुगत में हैं। कांवरियों की परेशानी कम करने के लिए करीब दो सौ बसें चलाने की तैयारी हो रही है।

जसीडीह जानेवाली कई ट्रेनें रद
रांची-जयनगर एक्सप्रेस, रांची-भागलपुर एक्सप्रेस, हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस, सिकंदराबाद-दरभंगा एक्सप्रेस और रांची -भागलपुर एक्सप्रेस रद हैं। देवघर मेले में बस सेवा पर अधिक दबाव होगा। इसका अनुमान भागलपुर जाने वाली बसों की बुकिंग से हो रही है। मेला दस जुलाई से शुरू होगा। लोग अभी से सुल्तानगंज के लिए बुकिंग करा रहे हैं। भागलपुर जानेवाली बसों में कांवरियों की भीड़ बढ़ रही है।

रांची, रामगढ़ और हजारीबाग से होगी व्यवस्था
रांची से भागलपुर (सुल्तानगंज) के लिए दो सौ अतिरिक्त बसों की व्यवस्था हो रही है। रांची जिला बस ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण मोहन सिंह ने कहा कि श्रावणी मेले में कांवरियों की सुविधा के लिए एसोसिएशन ने सभी जिलों से संपर्क कर अतिरिक्त बस चलाने का अनुरोध किया है। उनके अनुसार मानसून में अधिकांश रूटों पर बसों में कम भीड़ है। ऐसी स्थिति में जुगाड़ कर अतिरिक्त बसें सुल्तानगंज के लिए चलायी जाएंगी। रांची के खादगढ़ा, धुर्वा और आईटीआई बस स्टैंड से बसें खुलेंगी।

टैक्सी की भी हो रही बुकिंग
ट्रेनें बंद होने से परेशान कांवरियों का जत्था टैक्सी सेवा को भी तरजीह दे रहा है। खासकर बस से सफर की परेशानियों को देखते हुए कई लोग टैक्सी की बुकिंग करा रहे हैं। भागलपुर और देवघर जाने के लिए टैक्सी की बुकिंग हो रही है। झारखंड टूर एंड टूरिज्म से जुड़े सुहाना सफर के अमरदीप सहाय ने बताया कि टैक्सी की बुकिंग हो रही है। तीर्थ पर निकलने वाले लोग विभिन्न ट्रेवल एजेंसियों से गाड़ियों की बुकिंग करा रहे हैं।

सावन में स्पेशल ट्रेन चलाने का भेजा प्रस्ताव
श्रावणी मेले में रांची से जाने वाले हजारों कांवरियों की सुविधा के लिए यात्री संगठनों ने स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। इससे रांची से भागलपुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलने की उम्मीद बढ़ी है। यह मांग रेल मंडल से झारखंड पैसेंजर एसोसिएशन ने की है। एसोसिएशन ने रेलवे से मांग की कि धनबाद-चंद्रपुरा रेललाइन बंद होने के कारण रांची से कई ट्रेनें बंद हैं। इससे प्रभावित होने वाले कांवरियों के लिए स्पेशल ट्रेन चलायी जाए। इस बाबत सीनियर डीसीएम नीरज कुमार ने कहा कि मंडल के पास जो भी मांगें आई हैं, उसे मुख्यालय को भेज दिया गया है।