ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

राजद ने केंद्र सरकार की वादा खिलाफी के खिलाफ दिया महाधरना

नवगछिया (भागलपुर) : केंद्र सरकार की वादा खिलाफी के विरोध में गुरुवार को नवगछिया अनुमंडल मुख्यालय में युवा राजद ने महाधरना दिया। इस महाधरना में मुख्य अतिथि के रूप में युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह भागलपुर के सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल भी शामिल हुए। महाधरना को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया। बोले, मोदी सरकार युवा, किसान, गरीब व मजदूर विरोधी है। केवल लच्छेदार भाषण व लोकलुभावन आश्वासन देकर केंद्र में मोदी सरकार चला रही है। सरहद पर सैनिक के सिर काटे जा रहे हैं। भाजपा शासित राज्य मध्यप्रदेश में किसान पर गोलियां बरसाई जा रही हैं। महाराष्ट्र में किसान आत्महत्या कर रहे हैं।

सांसद ने सवाल भरे लहजे में कहा कि क्या भाजपा व मोदी सरकार ने ऐसे ही अच्छे दिन लाने का सपना दिखाया था। पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान युवाओं को प्रति वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। लेकिन तीन वषों में नौकरी तो दूर नोटबंदी के बाद करोड़ों युवा बेरोजगार हो गए। तीन साल बीत गए, पर काला धन नहीं आया।

युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता अरूण कुमार यादव ने कहा कि युवा राजद के कार्यकर्ता गांव-गांव जाएंगे और वादाखिलाफी के विरोध में उग्र आंदोलन करेंगे। धरना कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी मु.जाहिद, नंदु यादव, अशोक कुमार यादव, रबुल हसन, रविन्द्र यादव, अमन आनंद, फैयाज आलम, आजाद अंसारी, राजीव यादव, विनोद कुमार गुप्ता, नन्दलाल यादव, अजमत अली, शैलेश यादव, अहमद मतवाला, केदार शर्मा, भूपेन्द्र यादव, कुंदन यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

नवगछिया अनुमंडल परिसर में धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपालपुर के युवा प्रखंड अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने की। मंच संचालन वरिष्ठ कार्यकर्ता राजेंद्र यादव ने किया। यहां धरना सभी को राजद नेता शैलेश कुमार, अति पिछड़ा मंच के जिलाध्यक्ष संजय मंडल, मनोज यादव आदि ने संबोधित किया।