ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

पूरी दुनिया से जुड़ जाएगा झारखंड- प्रधानमंत्री

नव-बिहार न्यूज नेटवर्क, मनिहारी/ साहिबगंज (NNN)। संताल के विकास की नई गाथा लिखने गंगा तट पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साहिबगंज के पुलिस मैदान से पांच वर्षो में नए भारत के निर्माण का आह्वान किया। उन्होंने संकल्प जताया कि आजादी की हीरक जयंती यानी 2022 तक नया भारत आकार लेगा। प्रधानमंत्री ने साहिबगंज-मनिहारी के बीच 2266 करोड़ की लागत से बनने वाले छह किलोमीटर लंबे फोरलेन के गंगापुल और 280 करोड़ की लागत से साहिबगंज में बनने वाले मल्टी मॉडल टर्मिनल की गुरुवार को आधारशिला रखी। राज्य में पहली बार गठित पहाड़िया बटालियन के पुरुष-महिला जवानों को नियुक्ति पत्र सौंपने के अलावा नरेंद्र मोदी ने डिजिटल और कैशलेस को बढ़ावा देने के लिए गठित सखी मंडल की एक लाख महिलाओं को स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने की भी प्रतीकात्मक शुरुआत की। इस मौके पर सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी लोगों को संबोधित किया।

पूरी दुनिया से जुड़ जाएगा झारखंड
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि झारखंड-बिहार का पुल रास्ते को ही नहीं, दिलों को भी जोड़ेगा। जिन जगहों पर समुद्र किनारा नहीं है, उनका जमीनी संपर्क दुनिया से नहीं हो पाता, लेकिन जल परिवहन का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहे साहिबगंज के माध्यम से झारखंड का संपर्क देश के पूर्वोत्तर राज्यों तक ही सीमित न होकर पूरी दुनिया से होगा। बंगाल की खाड़ी के माध्यम से अब झारखंड विश्व से जुड़ जाएगा। साहिबगंज-मनिहारी गंगा पुल व बंदरगाह का शिलान्यास के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ थे राज्यपाल द्रौपदी मुमरू, मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मंत्री लुइस मरांडी, रणधीर सिंह, राजमहल के विधायक अनंत ओझा व अन्य लोग।