ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

राज्यपाल भागलपुर में कल 5 छात्रों को स्वर्ण पदक सहित 183 को देंगे कृषि स्नातक की डिग्री

भागलपुर, नवबिहार न्यूज नेटवर्क। भागलपुर स्थित बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर में शुक्रवार को आयोजित होने वाले तीसरे दीक्षांत समारोह (सत्र 2016-17) में राज्यपाल रामनाथ कोविंद 183 छात्र-छात्राओं को डिग्री देंगे। इस दौरान पांच छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक से सम्मानित भी किया जाएगा। राज्यपाल सुबह 10:40 बजे हेलिकॉप्टर से कृषि विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। इसके लिए विवि परिसर में ही हेलीपैड बनवाया गया है।

कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दीक्षांत समारोह 11 बजे से शुरू होकर 12:33 तक चलेगा। राज्यपाल को सबसे पहले ग्रीन रूम में ले जाया जाएगा, जहां से वह राब पहनकर मंच की तरफ आएंगे।

इसके बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा राज्यपाल के साथ मंच तक आएगी। दीक्षांत समारोह में केंद्रीय कृषि विवि इंफाल के कुलाधिपति प्रो. रामबदन सिंह दीक्षांत भाषण देंगे। समारोह में बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामविचार राय भी मौजूद रहेंगे।

डीएम, एसएसपी ने जायजा लिया

राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी आदेश तितरमारे और एसएसपी मनोज कुमार ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने वीसी से राज्यपाल के आने और कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में पूरी जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने करीब 20 मिनट तक पंडाल और हेलिपैड का निरीक्षण किया।

स्वागत के लिए जोरदार तैयारी

तीसरे दीक्षांत समारोह को लेकर कृषि विश्वविद्यालय परिसर गुरुवार को तैयार होता रहा। मुख्य पंडाल में कारीगर सजावट के लिए फूल मालाएं बना रहे थे तो मंच के नीचे पेंटिंग बनाई जा रही थी। शाम तक तोरण द्वार भी तैयार हो गए। मंच पर राज्यपाल के लिए अलग कुर्सी रखी गई है।

110 छात्र और 77 छात्राओं को मिलेगी डिग्री

दीक्षांत समारोह में 110 छात्र और 77 छात्राओं को डिग्री दी जाएगी। वीसी अजय कुमार सिंह ने बताया कि इस बार छात्राओं की संख्या थोड़ी कम है। दीक्षांत समारोह में पहली बार बेस्ट थीसिस के लिए गोल्ड मेडल दिया जाएगा। पांच छात्रों को गोल्ड मेडल दिया जाएगा।

इन्हें मिलेगा गोल्ड मेडल

कुमारी अंजलि ग्रेजुएशन, कुमारी मनोरमा ग्रेजुएशन, विकास कुमार पटेल पीजी, सुभाष कुमार पीजी, रविशंकर देव बर्मन पीएचडी।