ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार थमा, मतदान कल


हरियाणा में पहली बार अपने दम पर भाजपा को सत्ता में लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हो रहा धुआंधार प्रचार और भूपिंदर सिंह हुड्डा सरकार के लिए तीसरा कार्यकाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से किया जा रहा प्रचार सोमवार शाम थम गया।
हरियाणा में 90 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए 15 अक्तूबर को मतदान होना है। राज्य विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आज शाम छह बजे थमा। चुनाव मैदान में 109 महिलाओं सहित 1,351 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। समझा जाता है कि 87.37 लाख महिलाओं सहित कुल 1.63 करोड़ मतदाता 16,357 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
मोदी ने हरियाणा में भाजपा के लिए धुआंधार प्रचार करते हुए 11 चुनावी सभाएं कीं। वह लगभग पूरे राज्य को कवर करने की प्रक्रिया में सिरसा, गुड़गांव, जींद, जगाधरी, सोनीपत और रोहतक सहित कई जगहों पर गए। भाजपा की ओर से पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, नवजोत सिद्दू, राव इंद्रजीत सिंह, हेमा मालिनी और विनोद खन्ना ने भी चुनाव प्रचार किया। संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने तोशाम और भिवानी जिलों सहित तीन चुनावी सभाएं कीं। कांग्रेस के लिए राहुल गांधी, शकील अहमद, राज बब्बर, अमरिंदर सिंह और मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने भी प्रचार किया। रैलियों के अलावा कांग्रेस ने अपने चुनाव प्रचार के हिस्से के तौर पर लगभग प्रतिदिन संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया। इन संवाददाता सम्मेलनों को शकील अहमद, आनंद शर्मा, दिग्विजय सिंह, राजीव शुक्ला और अन्य ने संबोधित किया।