ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बिहार : 5 महिलाओं से गैंग रेप, 3 गिरफ्तार


बिहार के भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र में एक कबाड़ी की दुकान में हथियार के बल पर महादलित परिवार की पांच महिलाओं के साथ गैंग रेप की घटना प्रकाश में आई है.

पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने अधिकारियों से इस मामले की जांच रिपोर्ट तलब की है. पुलिस के अनुसार, तरारी थाना के डुमरिया गांव की रहने वाली पांच महिलाएं कबाड़ चुनने के बाद उसे बेचने के लिए बुधवार की शाम पास के गांव कुरमुरी कबाड़ बेचने गई थीं. इसी क्रम में कबाड़ी दुकानदार ने खुदरा पैसा न होने की बात कहकर महिलाओं को शाम होने तक रोक लिया.

आरोप है कि शाम होने के बाद तीन लोगों ने हथियार के बल पर सभी महिलाओं को जबरदस्ती शराब पिलाई और उसके बाद बारी-बारी से रेप किया.

आरोपियों ने पीड़ितों को धमकी भी दी. बदहवास महिलाएं देर रात घर पहुंचीं और सारी बातें घरवालों को बताई. गुरुवार को इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने पीड़ित महिलाओं से पूछताछ की तथा घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की.
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले की एक प्राथमिकी संबंधित थाना में दर्ज करा दी गई, जिसमें कबाड़ दुकान के मालिक नीलनिधि सिंह, उसके कर्मचारी जग्गू और उसके भाई जयप्रकाश सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है.

इस बीच पीरो के पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि सभी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि आरोपी नीलनिधि सिंह पर पूर्व में भी कई आपराधिक मामले चल रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कारवाई करने का निर्देश दिया है. उन्होंने अधिकारियों को इस मामले की तुरंत जांच कर रिपोर्ट जल्द पेश करने का निर्देश दिया है. उन्होंने पत्रकारों को बताया कि पीड़ित महिलाओं को अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत देय अनुदान का भुगतान जल्द करने का निर्देश भी दिया गया है.

उन्होंने बताया कि जिला पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे पीड़ित महिलाओं को सरकार के विविध कार्यक्रमों के तहत वैकल्पिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं. साथ ही पीड़ित परिवारों को इंदिरा आवास योजना के तहत घर, पेंशन तथा विभिन्न कल्याणकारी एवं विकास कार्यक्रमों का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

इस घटना के विरोध में भाकपा (माले) के कार्यकर्ता शुक्रवार की सुबह सड़क पर उतर गए. उन्होंने फतेहपुर-सिकरहटा मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया.