अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन अलकायदा की भारतीय उपमहाद्वीप में अपनी शाखा खोलने संबंधी एक वीडियो के उजागर होने के तुरंत बाद गृह मंत्रालय, खुफिया तथा सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हो गई हैं और गुप्तचर ब्यूरो ने देश के विभिन्न राज्यों में सतर्कता बरतने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
गृह मंत्रालय में इस नए खुलासे को लेकर आज उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेशी मामलों की खुफिया एजेंसी के प्रमुख आलोक जोशी भी हिस्सा लेने पहुंचे। एहतियात के तौर पर गुप्तचर ब्यूरो ने विभिन्न राज्यों के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
गृह मंत्रालय ने अलकायदा सरगना आयमन अज जवाहिरी के उस वीडियो के बारे में खुफिया रिपोर्ट मांगी है, जिसमें उसने भारतीय उपमहाद्वीप में जेहादी गतिविधियां चलाने के लिए अपनी शाखा खोलने का ऐलान किया है। पचपन मिनट का यह वीडियो कल ऑनलाइन जारी किया गया। इसके बारे में गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि हमने गुप्तचर एजेंसियों से रिपोर्ट मांगी है, जिसमें इस वीडियो की असलियत की जांच की जाएगी।
अल कायदा की पाकिस्तान के लिए शरिया कमेटी के सरगना असीम उमर को कायदात अलजेहाद नाम से खोली इस शाखा का प्रमुख बनाया गया है और इसका प्रवक्ता उस्ताद उसामा महमूद को बनाया गया है।
