ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

हर हाल में होगी एक एक व्यक्ति की सुरक्षा- डीएम


भागलपुर जिले में कोसी किनारे रहने वाले सभी लोगों के पूरी सुरक्षा की पुख्ता तैयारी की जा चुकी है। यहाँ हर हाल में हर एक एक व्यक्ति की सुरक्षा के लिये मैं प्रयास रत हूँ। इसके लिये और जो भी आवश्यकता महसूस होगी उसे पूरा करने का भी भरपूर प्रयास किया जायेगा। हमारे पास काफी मात्रा में पुलिस बल भी हैं। आवश्यकता पड़ने पर सीटीएस नाथ नगर से पूरी पुलिस को नवगछिया में कोसी के लोगों की सुरक्षा में लगा दिया जायेगा।  लेकिन इस आपदा के समय सभी का सहयोग भी अपेक्षित है।
ये बातें भागलपुर के जिला पदाधिकारी डॉ0 वीरेंद्र प्रसाद यादव ने रविवार की शाम नवगछिया अनुमंडल मुख्यालय में दैनिक जागरण को बतायी। जहां वे संभावित बाढ़ के खतरे से निपटने की चल रही तैयारियों की जांच को अचानक पहुंचे थे। वहीं मौके पर नवगछिया के एसपी शेखर कुमार ने भी जानकारी दी कि सभी प्रखंडों के लिये एक एक सौ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है। इसके बावजूद भी आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित रखे गये पुलिस बल से अतिरिक्त पुलिस बल को तत्काल उपलब्ध करा दिया जायेगा। 
इसी दौरान जिलाधिकारी भागलपुर ने एडीएम डॉ0 श्यामल किशोर पाठक तथा अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार से नवगछिया अनुमंडल में अब तक की गयी सभी तैयारियों का व्योरा भी लिया। साथ ही किस किस शरणस्थल पर कितने कितने लोग पहुंचे उसका भी व्योरा लिया। इसके अलावा अगर किसी गाँव के लोग कोसी किनारे से नहीं हट रहे हैं तो उसकी जानकारी भी मांगी। 
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि सभी शरणस्थलों पर दरी, रोशनी और भोजन के लिये चूड़ा की व्यवस्था कर दी गयी है।