ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

जेल में यशवंत सिन्हा ने तोड़ा कानून? पूर्व मंत्री ने दिया भाषण, सांसद बेटे ने लीं तस्वीरें!

बिजली के लिए आंदोलन करने वाले बंदियों को हजारीबाग जेल में संबोधित करते भाजपा नेता यशवंत सिन्हा। बांई ओर उनके सांसद बेटे जयंत सिन्हा अपने मोबाइल से फोटो खींचते दिखाई दे रहे हैं।



भाजपा नेता यशवंत सिन्‍हा को बुधवार को जमानत मिल गई। वह बिजली अधिकारी से मारपीट के आरोप में रांची से सटे हजारीबाग स्थित जयप्रकाश नारायण सेंट्रल जेल में बंद थे। मंगलवार को पार्टी के वरिष्‍ठ नेता लालकृष्‍ण आडवाणी उनसे मिलने जेल गए थे। मुलाकात के दौरान वह भावुक हो गए थे और कहा था कि मन करता है मैं भी यहीं रह जाऊं।लेकिन, इस मुलाकात में सिन्हा ने जेल मैनुअल का खुलेआम उल्लंघन किया। उनके सांसद बेटे जयंत सिन्हा ने अपने मोबाइल फोन से इसकी तस्वीरें भी खींचीं। ये तस्वीरें वाट्स एप के जरिए ट्रांसफर की गईं।

आडवाणी जब यशवंत सिन्हा से मिलने गए तो उस दौरान जेल में ही छोटी सी सभा आयोजित कर दी गई। सिन्‍हा ने जेल के अंदर बिजली के लिए आंदोलन करने वालों को संबोधित भी किया। उनके भाषण की वीडियो रिकार्डिंग भी की गई। वहां मौजूद लोगों ने स्मार्टफोन से तस्वीरें भी लीं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व कोडरमा से सांसद रवींद्र राय, पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा व रांची से भाजपा सांसद रामटहल चौधरी, विधायक उमाशंकर अकेला आदि कई बड़े नेता वहां मौजूद थे। लेकिन, किसी ने कार्यकर्ताओं को फोटो लेने या वीडियो बनाने से मना नहीं किया। प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष सुशील दूबे ने कई फोटो फेसबुक पर भी जारी किए।
 
क्या कहता है जेल मैनुअल?

जेल मैनुअल के मुताबिक जेल के अंदर सभा करना, एकजुट होना और तस्वीरें खींचना गैरकानूनी है। इसे प्रतिबंधित भी किया गया है।
 
तस्वीरें जेल के अंदर की नहीं : जेलर
 
"प्रचारित की जा रही तस्वीरें जेल के अंदर की नहीं बल्कि जेल के प्रशासनिक भवन की हैं। किसी ने दूर से वे तस्वीरें खींची हैं। इसमें जेल मैनुअल के उल्लंघन जैसी कोई बात नहीं है।" - सीपी सुमन, जेलर, जेपी सेंट्रल जेल, हजारीबाग।
 
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा 
 
"जेल मैनुअल का हर हाल में पालन होना चाहिए। सभी को कानून का ख्याल रखना चाहिए। अति उत्साह में नियमों का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। जेल प्रशासन को भी एहतियात बरतना चाहिए था।"  - अजित कुमार वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा।