ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया में चार बच्चियों की गंगा नदी में डूबने से हुई मौत, छानबीन जारी


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत नारायणपुर अंचल क्षेत्र में चार स्कूली बच्चियों की आज नहाने के दौरान गंगा नदी में डूबने से मौत हो गयी। जिसकी लाश निकाली जा चुकी है। मामले की छानबीन तत्काल जारी कर दी गयी है।
नवगछिया एसपी शेखर कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिली है। जिसकी छानबीन जारी है।
वहीं मौके पर नारायणपुर के अंचल अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी भेजे गए हैं। चूंकि घटनास्थल शहजादपुर पंचायत के अंतर्गत आता है। जहां पहुँचने में थोड़ा समय लगता है। इसकी सूचना जिलाधिकारी को भी दी जा चुकी है। जानकारी के अनुसार चारों बच्चियाँ अमरी बिशनपुर की पाँचवी वर्ग की छात्रा है। जो एक साथ नहाने गंगा किनारे गयी थी।
गुड़िया को बचाने में तीनों की गयी जान
नहाने के क्रम में सबसे पहले गुड़िया गंगा में डूबी. वह नदी की मुख्यधार में बह कर चली गयी थी. उसे डूबते देख ममता ने नदी में छलांग लगा दी. ममता गुड़िया तक तो पहुंच गयी, लेकिन अब दोनों डूबने लगे. घाट पर मौजूद इंदु को यह देख रहा नहीं गया और वह भी नदी में दोनों को बचाने के लिए कूद गयी. लेकिन धार ज्यादा रहने के कारण तीनों डूबने लगे. अंतत: अकेली बची रीता को लगा कि वह तीनों को बचा लेगी. लेकिन वह भी नदी की धार में बह कर डूब गयी. 
चार के साथ नहाने गयी शांति कुमारी ने दौड़ कर घटना की जानकारी गांव में दी. जब तक ग्रामीण घाट पर पहुंचे चारों छात्राएं गंगा में समा चुकी थी. फिर ग्रामीणों ने गंगा में चारों की तलाश शुरू की. तुरंत महाजाल फेंका गया. दो डेंगी, एक बड़ी नाव की मदद से आठ ग्रामीण गोताखोरों ने साढ़े तीन घंटे तक गंगा की खाक छानी. एक-एक कर शाम चार बजे तक चारों लाशों को गंगा से निकाला गया. मरनेवालों में इंदु और रीता सगी बहन थी. जबकि गुड़िया दोनों की चचेरी बहन.
मृतकों की सूची
1. इंदु कुमारी (13) : पिता अशोक मंडल
2. रीता कुमारी (10) : पिता अशोक मंडल
3. गुड़िया कुमारी (13) : पिता सुभाष मंडल
4. ममता कुमारी (10) : पिता लुचा मंडल