ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

चुनावी खबर : लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान आज


दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का महापर्व सोमवार सुबह 7 बजे से शुरू हो रहा है, जो नौ चरणों में 12 मई तक चलेगा। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में दर्ज प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला 16 मई को होगा। सोमवार को शुरू हो रहे पहले चरण में कांग्रेसशासित असम की 14 लोकसभा सीटों में से पांच के लिए, जबकि त्रिपुरा की दो में एक सीट के लिए मतदान होगा। पहली बार मतदाताओं को अपने अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है।
इस बार देश के 81 करोड़ 40 लाख मतदाता अपने अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 12-15 करोड़ मतदाता पहली बार इस महापर्व में हिस्सा लेंगे। अब भी दर्जनों प्रत्याशी नामांकन भर रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार का चुनाव काफी अहम है, क्योंकि पिछले कुछ चुनावों में मतदाताओं ने सत्ता का स्पष्ट हस्तांतरण किया है। भारत में हर चुनाव खासा अहम हो रहा है, क्योंकि इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में मतदाता हिस्सा ले रहे हैं। आम चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए पहली बार मतदान के लिए अतिरिक्त समय दिया जा रहा है। इस बार मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। हालांकि, सुरक्षा कारणों के मद्देनजर पूर्वोत्तार में मतदान सुबह 7 से शाम 5 बजे तक ही होगा, जबकि मणिपुर और नगालैंड में सुबह 7 से दोपहर बाद 4 बजे तक ही मतदान होगा। इस बार चुनाव आयोग ने झारखंड के चार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों राजमहल, दुमका, गोद्दा और धनबाद में सुबह 7 से शाम 4 बजे तक ही मतदान कराने का फैसला किया है।