ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नीतीश का कांग्रेस पर हमला, बताया भागलपुर दंगों का दोषी


लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और राजद के बीच संभावित गठबंधन पर भी अपना प्रहार करते हुये बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 1989 के भागलपुर दंगे के लिये कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुये पिछली राजद सरकार के कार्यकाल में सबूत रहते दंगे के आरोपियों के बरी हो जाने का आरोप लगाया।
बांका जिला के रजौन प्रखंड के चकमुनिया में आज आयोजित संकल्प रैली को संबोधित करते हुये नीतीश ने कहा कि 1989 का भागलपुर दंगा कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान हुआ था और उसके लिये उसे माफी नहीं मिल सकती है।
प्रदेश की पिछली राजद सरकार पर भागलपुर दंगे के आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुये नीतीश ने कहा कि जिन मामलों में सबूत रहने के बावजूद भी राजद शासनकाल में आरोपी बरी हो गये थे उनकी सरकार बनने पर उन मामलों में अदालत से इजाजत लेकर फिर से मामला दायर कर उन्हें सजा दिलायी।
उन्होंने कहा कि भागलपुर दंगा प्रभावित बेसहरा परिवारों को हमने पहले ढाई हजार एपये प्रतिमाह पेंशन देने की घोषणा की थी जिसे अब बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दे रहे हैं।
बिहार में पिछले राजद शासनकाल की चर्चा करते हुये नीतीश ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब लाठी में तेल पिलाने का जमाना नहीं है, कलम में स्याही भरने का है। अपने पुराने सहयोगी दल भाजपा पर निशाना साधते हुये नीतीश ने कहा कि विश्वासघात हमने नहीं किया है। भाजपा ने जदयू एवं देश की जनता के साथ किया है।
भाजपा से अलग होने के निर्णय को मजबूरी में लिया गया फैसला बताते हुए उस पर प्रहार करते हुए कहा कि कल तक साथ थे तो गुणगान कर रहे थे आज उनकी आलोचना करते रहते हैं।