पिछले 13 साल में पहली बार नेगेटिव रिटर्न देने जा रहे है सोने का आगे का आउटलुक भी खराब है। दुनिया भर के जानकारों का यही मानना है कि सोने में कम से कम अगला साल भी गिरावट भरा रह सकता है। साफ है कि सोना गिरावट दिखा सकता है और सस्ता हो सकता है लेकिन कितना, सबके जेहन में यही सवाल है। इसी सवाल का जवाब जानने के लिए सीएनबीसी आवाज़ लेकर आया है खास पेशकश सोना होगा सस्ता।
गोल्डमैन सैक्स का कहना है कि सोने का भाव और घट सकता है। उनके मुताबिक 2014 तक अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 1050 डॉलर तक फिसल सकता है। यानी एक साल के अंदर सोने की कीमत में मौजूदा स्तर से करीब 12 फीसदी की गिरावट आ सकती है। गोल्डमैन सैक्स ने फिर से आगाह किया है अमेरिकी इकोनॉमी में सुधार की वजह से सोने में गिरावट देखी जाएगी।
दूसरी ओर साल 2000 से लगातार चढ़ने वाला सोना, निवेश कम होने की वजह से इस साल गिरावट झेलने वाला है। वायदा बाजार में भी रुझान गिरावट का ही है। अमेरिकी सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व के ऐलान के बाद अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 6 महीने के निचले स्तर पर बना हुआ है। कॉमेक्स पर ये 1190 डॉलर का निचला स्तर भी छू चुका है। इस हफ्ते इसकी कीमतों में करीब 4 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। वहीं घरेलू बाजार में भाव 28500 रुपये के नीचे फिसल गए हैं।
