ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बाबा रामदेव ने कांग्रेस पर छोड़े तीखे तीर, बताया डूबता जहाज


योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि कांग्रेसी नेता सुप्रीम कोर्ट द्वारा समलैंगिकता को अपराध घोषित किए जाने का विरोध कर रहे हैं। यह उनकी मानसिकता का परिचायक है। बाबा रामदेव मंगलवार को सेक्टर-17 में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूब चुका है। इसलिए जो अच्छे कांग्रेसी हैं वे या तो नई पार्टी बना लें या फिर किसी दूसरी पार्टी में शामिल हो जाएं। क्योंकि कांग्रेस डूबता जहाज है।
अगर अच्छे कांग्रेसी नेता जल्द नहीं चेते तो उनका हश्र भी बुरा होगा। उन्होंने कहा कि आज इस पार्टी के ऐसे कई नेता हैं जिनका कैरियर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के कारण खत्म हो गया है। बाबा ने इस दौरान यह भी कहा कि केजरीवाल को दिल्ली में सरकार बनानी चाहिए।
कांग्रेस ने उन्हें उनकी सभी शर्तें मानते हुए समर्थन देने की घोषणा कर दी है। अब केजरीवाल पीछे क्यों भाग रहे हैं। उन्हें सरकार बनाना चाहिए। उन्होंने दिल्ली की जनता से जो वादे किए हैं उसके लिए वे सरकार बनाकर उन्हें पूरा करें। राजधर्म निभाने से केजरीवाल को पीछे नहीं हटना चाहिए।
बाबा रामदेव भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हुए कहा कि मोदी ऐसे नेता हैं, जो प्रधानमंत्री बनकर विदेशों में जमा काला धन वापस भारत में ला सकते हैं। इस कालेधन को देश के विकास, कृषि एवं अनुसंधान में लगाया जाए तो भारत विश्व का ताकतवर एवं विकसित राष्ट्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि अन्ना वर्तमान सरकार के जिस लोकपाल बिल का समर्थन कर रहे हैं वह अवश्य पास होना चाहिए।
यदि जरूरत पड़ी तो समय-समय पर संशोधन हो सकते हैं। जैसे देश के संविधान में भी समय के अनुसार कई संशोधन किए गए हैं। बाबा ने कहा, भारत का लगभग एक लाख हजार करोड़ रुपया कालेधन के रूप में विदेशों में जमा है। यही नहीं 80 प्रतिशत से ज्यादा कालाधन अब भी इसी देश में है। वह देश की प्रापर्टी, ड्रग्स, काला बाजारी, अवैध खनन और राजनीति जैसे क्षेत्रों में घूम रहा है।
उन्होंने कहा, काले धन के जमाखोरों से सरकार द्वारा कालाधन वसूला जाना चाहिए और उन्हें दंडित किया जाना चाहिए। इस मौके पर विपुल गोयल, भाजपा के जिलाध्यक्ष अजय गौड़ सहित अन्य लोग मौजूद थे।