ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

तेलंगाना पर बंद का दूसरा दिन, अनशन पर बैठे जगन


तेलंगाना पर टकराव बढ़ता ही जा रहा है। आंध्र प्रदेश के बंटवारे का विरोध में अनशन और बंद का दौर जारी है। आंध्र के बंटवारे के खिलाफ वाईएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष जगनमोहन रेड्डी भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। जगन का साथ देने के लिए उनके समर्थकों का जमावड़ा लगा है। जगन ने पूरे देश से अलग तेलंगाना के खिलाफ खड़ा होने की अपील की है। उधर तेलगु देशम पार्टी के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार से दिल्ली में अनशन करने का ऐलान किया है।
जगनमोहन रेड्डी ने कहा कि उन्हें जेल में रहकर इतनी तकलीफ नहीं हुई जितनी बंटवारे के बाद हो रही है। जगन ने पूरे देश से अलग तेलंगाना के खिलाफ खड़ा होने की अपील की है। जगन ने कहा कि कृष्णा नदी पर भी विवाद है लेकिन इसपर कोई ज्यादा नहीं कहता। उन्होंने आरोप लगाया कि आंध्र की दूसरी समस्याओं के बारे में कोई नहीं बोलता क्योंकि उन्हें वोट कटने का डर है।
उत्पात जारी
आंध्र के बंटवारे के खिलाफ बंद के दूसरे दिन लोगों का उत्पात जारी है। आंध्र प्रदेश के कई शहरों में तेलंगाना के विरोध में हिंसा और तोड़फोड़ हो रही है। आज कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। जवाब में पुलिस ने भी इन्हें दौड़ाया। बीती रात यूनाइटेड आंध्रा के समर्थकों ने विजयनगरम जिले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वोत्सा सत्यनारायण के ठिकानों पर जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की।
तिरुपति बालाजी की यात्रा पर असर
तेलंगाना के विरोध में आंध्र प्रदेश में बवाल मचा हुआ है, जिसके चलते तिरुपति बालाजी की यात्रा पर काफी असर पड़ रहा है। पिछले दो दिनों में विरोध के चलते रायलसीमा और सीमांध्र आंध्र में बस सर्विस ठप पड़ गई है। इसकी वजह से तिरुपति के दर्शन करने वाले भक्तों को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। जो लोग तिरुपति बालाजी जाना चाहते हैं उन्हें बसें नहीं मिल रही हैं।
कांग्रेस में बगावत
उधर, तेलंगाना के विरोध में कांग्रेस में बगावत शुरू हो गई है। सरकार की मंजूरी के खिलाफ एक और मंत्री इस्तीफा दे दिया है। फैसले से नाराज केंद्रीय वाणिज्य राज्यमंत्री पुरूंदेश्वरी देवी ने अपना इस्तीफा पीएम को भेज दिया।
इससे पहले मानव संसाधन विकास मंत्री पल्लम राजू, कपड़ा मंत्री कवुरी संबाशिव राव, पर्यटन राज्य मंत्री चिरंजीवी और रेल राज्य मंत्री सूर्य प्रकाश रेड्डी भी इस्तीफा दे चुके हैं। उधर, सीमांध्र और रायलसीमा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी से 4 घंटे मैराथन मुलाकात के बाद इस्तीफे का विचार टाल दिया है।