भागलपुर जिला और नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र में जहां गंगा का उफान थम गया है। वहीं कोसी नदी का उफान अब भी जारी है |
एक तरफ जहां गंगा का जलस्तर दो दिनों में 12 सेंटीमीटर घटा है । इससे बाढ़ पीड़ितों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली। मगर तमाम प्रभावित क्षेत्रों में अपने घरों में लौटने में अभी लोगों को 15 दिन लग सकते हैं।
इस बीच कोसी नदी का उफान जारी है | कोसी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से एनएच-31 के उत्तरी भाग में बसी एक लाख की आबादी पर बाढ़ का संकट मंडरा रहा है। यहां कोसी के कोप से लोग दशहत में हैं।
कोसी नदी की बाढ़ का पानी खरीक प्रखण्ड के लोकमानपुर से नारायणपुर तक प्रवेश कर गया है। इससे पशुपालकों के बीच चारे का संकट उत्पन्न हो गया है।
नवगछिया प्रखण्ड के खैरपुर कदवा, ढोलबज्जा एवं कदवा दियारा के 500 घरों में भी कोसी का पानी प्रवेश कर गया है। बिहपुर की हरियो पंचायत अंतर्गत बड़ीखाल, आहुति, गोविंदपुर मुसहरी एवं कहारपुर में भी नदी के पानी से एक हजार लोग पूरी तरह घिरे हुए हैं। कुरसेला-त्रिमुहान तटबंध जर्जर होने से चार स्थानों पर कटाव का खतरा बना हुआ है।
