बिहार में मुख्यमंत्री नितीश कुमार द्वारा भाजपा को सत्ता से अलग कर देने के बाद भाजपा द्वारा 28 सितम्बर को विश्वासघात रैली का आयोजन किया गया है | यह रैली भागलपुर जिला के नवगछिया अनुमंडल मुख्यालय स्थित कोर्ट परिसर मैदान में पीछे की तरफ होनी है | जिसकी तैयारी पिछले कई दिनों से जारी है |
भाजपा द्वारा आयोजित इस विश्वासघात रैली में पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पूर्व मंत्री गिरिराज सिंह, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, अश्विनी चौबे, नन्द किशोर यादव, प्रेम कुमार, सांसद राजीव प्रताप रुड़ी, रमा देवी, निखिल चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पाण्डे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 सीपी ठाकुर के अलावा गोपाल नारायण सिंह, प्रदीप सिंह, विधायक कुमार शैलेंद्र, कुमार अमन, प्रदेश महामंत्री सह क्षेत्रीय प्रभारी संजीव चौरसिया सहित दर्जनों प्रमुख नेता शिरकत करेंगे |
इस विश्वासघात रैली की सफलता को लेकर नवगछिया पुलिस जिला सहित कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं की लगातार बैठकें भी आयोजित हो रही हैं | जिसकी तैयारी अब अंतिम चरण में चल रही है |
इधर नवगछिया शहर एवं आस पास कई तोरण द्वार भी बनाए गए हैं | साथ ही सैकड़ों बोर्ड तथा झंडे भी लगाए जा चुके हैं |