ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

प्रमुख स्वतन्त्रता सेनानी सह पूर्व विधायक सीताराम सिंह आजाद का निधन

भारत को आजादी दिलाने में अहम भूमिका अदा करने वाले नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत थाना बिहपुर के प्रमुख स्वतन्त्रता सेनानी सीताराम सिंह आजाद का आज दोपहर लगभग साढ़े ग्यारह बजे दयालपुर गाँव स्थित अपने
निवास पर निधन हो गया | ताम्र पत्र प्राप्त  स्वतन्त्रता सेनानी सीताराम सिंह आजाद 99 वर्ष के थे | वे अपने पीछे चार पुत्र और तीन पुत्री को छोड़ गए हैं |

 वे वर्ष 1977 से 1980 तक बिहार विधान सभा में विधायक भी रहे | इसके अलावा जनशक्ति अखबार के लिए बिहार सरकार के मान्यता प्राप्त पत्रकार भी रहे | उनके निधन पर राज्य  सरकार एवं अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया की तरफ से बिहपुर सीओ ने उनके निवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की है | इसके अलावा कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि शीतल प्रसाद सिंह निषाद, युवा नेता अशोक कुमार सिंह निषाद, शीला देवी निषाद, नवगछिया समाचार के संपादक राजेश कानोडिया, प्रभात खबर के नवगछिया प्रभारी ऋषभ कुमार मिश्रा कृष्णा, हिंदुस्तान के चन्दन कुमार चौधरी, संदीप कुमार झा, दैनिक जागरण के राशिद आलम, मिथिलेश कुमार, भाजपा के नवगछिया जिलाध्यक्ष सुबोध सिंह कुशवाहा, उपाध्यक्ष प्रवीण भगत, मंत्री मुकेश राणा, अधिवक्ता संघ नवगछिया के पूर्व अध्यक्ष सत्येन्द्र नारायण चौधरी कौशल, पूर्व जिला पार्षद सुप्रभा भारती, सीपीआई के पूर्व विधायक अंबिका मण्डल  सहित सैकड़ों लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की है |
जानकारी के अनुसार पिछले कई महीनों से आजाद जी बीमार भी चल रहे थे | उनके पैर में तकलीफ थी | उनकी धर्मपत्नी का निधन 30 वर्ष पहले ही हो चुका था | इस समय उनके बड़े पुत्र मृत्युंजय कुमार सिंह कृषि कार्य को देखते हैं | वहीं द्वितीय पुत्र विमल प्रकाश सिंह बंगलोर में इंजीनियर हैं | तृतीय पुत्र कृष्ण कुमार आजाद नवगछिया व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ता हैं तथा चतुर्थ पुत्र संजीव कुमार सिंह अबोहर (पंजाब) में एयर फोर्स की सेवा में हैं | वहीं उनकी पुत्री नूतन, वंदना और तनुजा की शादी हो चुकी है |