ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

मौसम का मिजाज फिर बदला, पूरा बिहार हुआ सर्द

नवगछिया, भागलपुर सहित पूरे बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। पूरे प्रदेश में मौसम सर्द हो गया है। बुधवार को कोहरे और पछुआ हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी है,जिस वजह से लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है ।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक पटना में बुधवार को न्यूनतम तापामन
मंगलवार के न्यूनतम तापमान की तुलना में करीब एक डिग्री सेल्सियस लुढ़क कर5.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मंगलवार को पटना का न्यूनतम तापामन 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बुधवार को गया का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री, भागलपुर का सात डिग्री और पूर्णिया का 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक ए़ क़े सेन के अनुसार वातावरण में अधिक नमी के कारण कोहरा छाया हुआ है। दोपहर तक धूप नहीं निकलने के कारण अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव की सम्भावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और अन्य जिलों में ठंड बढ़ी है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक मौसम का यही रुख बरकरार रहने की सम्भावना है। उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के मुताबिक पिछले दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश की वजह से मौसम में यह बदलाव आया है और अगले दो-चार दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
लखनऊ में बुधवार को न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इसके अलावा वाराणसी में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस, कानपुर में छह डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।