
हाड़ कंपा देने वाली इस ठंड की वजह से राजधानी दिल्ली सहित पूरा एनसीआर रविवार को भी दिन भर ठिठुरते रहे। रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान
1.9 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था, जो इस वर्ष अब तक सबसे न्यूनतम तापमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्ष 2008 में 2, 3, 24 तथा 28 जनवरी को राजधानी का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया था। पांच साल बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस के नीचे चला गया है।
यही वजह है कि दिल्ली वालों को इस वर्ष लगातार शीतलहर का सामना करना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सोमवार को भी सर्दी का आलम कुछ इसी प्रकार रहेगा और अधिकतम तापमान 14 तथा न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
सोमवार की सुबह हल्का कोहरा छाया रहेगा और दिन भर आसमान साफ रहने की संभावना है। वैज्ञानिकों का कहना है कि राजधानी अभी कोहरे की चपेट में नहीं है। रविवार को अधिकतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से 9 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 5 डिग्री कम है।