जगह जगह हो रही अलाव की मांग
पिछले एक सप्ताह से लगातार बढ़ रही ठंड से अब लोगों के हाड़ भी काँपने लगे हैं | इस दौरान जहां साधन सम्पन्न लोग भी ठंड से ठिठुरते देखे जा रहे हैं | वहाँ साधारण और आम गरीब लोगों की हालत तो भगवान भरोसे ही नजर आ रही है | जहां पूरे नवगछिया अनुमंडल में
जगह जगह अलाव की मांग हो रही है | वहाँ क्षेत्र के अधिकारी के कानों पर जूं भी नहीं रेंग रही है | जरूरतमन्द लोग किसी तरह से कागज गत्ता अथवा कूड़ा जला कर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं |
जबकि आजाद हिन्द मोर्चा के राजेन्द्र यादव के अलावा कई समाजसेवी के साथ साथ पुलिस अधीक्षक नवगछिया आनंद कुमार सिंह ने भी अनुमंडल और जिला पदाधिकारी से अलाव जलवाने का आग्रह किया है | पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार सिंह के विशेष निर्देश पर पुलिस निरीक्षक नवगछिया त्रिपुरारी सिंह ने डा0 एके केजरीवाल के सहयोग से और आदर्श थानाध्यक्ष नवगछिया प्रमोद पोद्दार ने एक एक दिन कई जगहों पर अलाव की व्यवस्था की थी |
अलाव के मामले में अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया सुशील कुमार ने बताया कि जिला से पूरे अनुमंडल में अलाव जलाने के लिए पच्चीस हजार रुपये का आबंटन मिला है | जिसमें सात प्रखण्ड और एक नगर पंचायत क्षेत्र आता है | सभी अंचल के सीओ को अलाव जलाने का आदेश भी दिया जा चुका है | साथ ही नगर पंचायत के प्रधान सहायक आलोक कुमार को भी अलाव जलाने का निर्देश दिया जा चुका है |