ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

छेड़छाड़ की तो न बनेगा ड्राइविंग लाइसेंस, न पासपोर्ट

मनोज शर्मा, ग्वालियर। ये खबर है उन मनचलो के लिए जो लड़कियों को छेड़ने का कोई मौका नहीं छोड़ते। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि राज्य में लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने वाले लड़कों के अब ड्राइविंग लाइसेंस औऱ पासपोर्ट नहीं बनेंगे।
शिवराज सिंह चौहान कहा है कि महिलाओं के साथ छेड़खानी करने वालों को ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट औऱ चरित्र प्रमाणपत्र जैसी सरकारी सुविधाओं से
वंचित किया जाएगा। छेड़खानी पर रोक लगाने के लिए सरकार ये सख्त कदम उठाने जा रही है। शिवराज ने ये घोषणा ग्वालियर में नारी सम्मान समारोह के दौरान की।
अगर शिवराज के ऐलान पर पुलिस ने सख्ती से अमल किया तो लड़कों की छेड़खानी से परेशान लड़कियों को हमेशा चेहरे पर कपड़ा बांधकर स्कूटर नहीं चलाना पड़ेगा। दरअसल, घर से बाहर निकलने वाली तमाम लड़कियों के लिए मनचले राह चलते ताने कसते रहते हैं। मगर अब लड़कियां भी पुलिस से शिकायत करने में पीछे नहीं हटेंगी। 
छात्रा नुपूर का कहना है कि आम तौर पर ये होता है कि हम लोग जब रास्ते से निकलते हैं तो बाइकर्स ही छेड़खानी करते हैं जिसकी वजह से हमें कपड़ा बांध कर निकलना पड़ता है। कभी लड़के चुन्नी खींचकर निकल जाते हैं। नुपूर कहती है कि सरकार की तरफ से ये सबसे अच्छा कदम है। इसी तरह छात्रा शोभना द्विवेदी का कहना है कि इस तरह का कानून काफी पहले बन जाना चाहिए था। ऐसा करने पर क्राइम रूक सकते थे। हमसे ज्यादा तो हमारे पेरेन्ट्स को खुशी होगी। वो हमें गाड़ी दिलाने में डरते हैं।
सरकार ने छेड़छाड़ की घटनाएं रोकने के लिए ये कदम उठाया है। पासपोर्ट औऱ ड्राइविंग लाइसेंस के साथ लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के आरोपियों को सरकार चरित्र प्रमाणपत्र भी नहीं देगी। भोपाल के सबसे बड़े गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल के पास लड़कियां रोज़ छेड़छाड़ की शिकायत लेकर आती हैं। शायद अब इन शिकायतों में कमी आ जाए।
भोपाल के नूतन कॉलेज की प्राचार्य डॉ. शोभना वाजपेई मारू का कहना है कि इससे छेड़खानी पर रोक लगेगी। ज्यादातर लड़के बाइकर्स होते हैं जिनके पास लाइसेंस होता है। ऐसे में अगर लाइसेंस ले लिया जाएगा तो वो बाइक चला ही नहीं पाएंगे।
बहरहाल, इस ऐलान के बाद अब फिल्मी गाने सुनकर कोई मनचला लड़कियों से नहीं टकराएगा। क्योंकि अगर एक बार अगर छेड़छाड़ का केस दर्ज हो गया तो मनचले को इसकी महंगी कीमत चुकानी पड़ेगी।