ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

पाकिस्तान जाना आना होगा आसान

भारत-पाक ने शनिवार को बहुप्रतीक्षित उदार वीजा करार पर दस्तखत कर दिए। नए करार से दोनों देशों के नागरिकों के लिए वीजा संबंधी बाधाएं और आवाजाही आसान हो जाएगी। यह करार 38 साल पुराने प्रतिबंधात्मक वीजा समझौते की जगह लेगा।
इस करार पर भारत की ओर से विदेश मंत्री एसएम कृष्णा और पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने दस्तखत किए। समझौते के बाद वरिष्ठ नागरिक (65 वर्ष और इससे अधिक) दोनों देशों की सीमाओं में घूम सकते हैं और उन्हें वीजा के लिए कहीं चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें अटारी-वाघा सीमा पर 45 दिनों के लिए वीजा ऑन अराइवल दिया जाएगा। इसकी अवधि नहीं बढ़ेगी और इसे किसी दूसरे वीजा में नहीं बदला जा सकेगा।
नए उदार वीजा करार में पहली बार सामूहिक पर्यटन और तीर्थयात्री वीजा, अलग बिजनेस वीजा का भी प्रावधान है। साथ ही, लोग आवाजाही के लिए अलग-अलग रास्तों और परिवहन का उपयोग कर सकेंगे। नए करार के तहत एकल प्रवेश वीजा छह माह और पांच स्थानों के लिए जारी होगा, लेकिन एक बार में तीन माह से अधिक रुकने की इजाजत नहीं होगी। फिलहाल यह व्यवस्था तीन स्थानों के लिए थी। वरिष्ठ नागरिकों को पांच जगहों के लिए जारी विजिटर वीजा बहु प्रवेश के साथ दो साल के लिए विस्तारित किया जा सकेगा। एक देश के नागरिक द्वारा दूसरे देश के नागरिक से शादी करने के मामले में स्थिति पूर्ववत रहेगी।