ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

पैक्स अध्यक्ष महेश सिंह के दो हत्यारोपी गिरफ्तार

नवगछिया अनुमंडल अन्तर्गत बिहपुर जमालपुर पैक्स के अध्यक्ष महेश सिंह हत्याकांड का आरोपी बिहपुर निवासी बैजू राजा तथा जमालपुर निवासी राधाकृष्ण सिंह को खगडि़या जिला के पसराहा थाना क्षेत्र के सलारपुर बिसौनी से रेल पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफ़लता पायी है।  बैजू राजा वहां अपने बहनोई के यहां छिपकर रह रहा था।
बताते चलें कि बीते 27 जुलाई की रात बिहपुर के रेलवे पश्चिमी केबिन के पास अपराधियों ने महेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई गोपाल सिंह के बयान पर बिहपुर रेल  थाना में सात लोगों के खिलाफ़ नामजद प्राथमिकी दर्ज है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी रेल थाना अध्यक्ष रामलायक राम एवं कटिहार रेल के इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पसराहा थाना क्षेत्र के बिसौनी सलारपुर में छापेमारी की गई। गिरफ्तारी अभियान नवगछिया जीआरपी रेल थाना अध्यक्ष अजय कुमार भी मौजूद थे। 
कटिहार रेल एसआरपी सुग्गन पासवान ने बताया कि यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए उपलब्धि है। गिरफ्तारी से हत्याकांड के उद्भेदन में सफलता मिलेगी। जल्द ही शेष आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारों के अनुसार  आरोपी बैजू के ऊपर बिहपुर थाना के बरामदे पर थाना हाजत से एक अभियुक्त मो. अख्तर को गोली मार देने का आरोप है। घटना 1995 की है। उसने अपने भाई महंथ नवल किशोर दास के आदेश पर इस घटना को अंजाम दिया। क्रूरता की इंतहा यह कि गोली मारने के बाद उसने सिमेंट के जमे पत्थर से अख्तर का मुंह चूर दिया था।
 पंचायत शिक्षक बहाली को लेकर बैजू ने इसी वर्ष पंचायत समिति सदस्य पर गोली चला दी थी। यह मामला भी बिहपुर थाने में दर्ज है। बैजू की बहन मुखिया हैं। शिक्षक नियोजन में मनमानी के विरोध में पंचायत समिति सदस्य ने हस्ताक्षर नहीं किया था तो घटना को अंजाम दिया गया।
 दूसरे आरोपी रामकृष्ण सिंह ने 2001 में महेश सिंह पर जानलेवा हमला किया था और लाठी से मारकर सिर चूर दिया था। तब महेश सिंह बच गए थे और जयकृष्ण को तीन वर्ष की सजा हुई थी।