ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

खगडि़या में 35 गिरफ्तार, रणवीर पर रिपोर्ट तलब

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफिले पर खगडि़या में हुए हमले के जिम्मेदारों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। पुलिस ने शुक्रवार को 35 लोगों को गिरफ्तार किया। 60 से अधिक नामजद व सौ से अधिक लोगों को अज्ञात हमलावर मानते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है। इधर, पुलिस मुख्यालय ने हंगामे के दौरान
जदयू विधायक पूनम यादव के पति रणवीर यादव की दबंगई के मुतल्लिक रिपोर्ट मंगाई है। इस बात की जांच हो रही है कि आखिर रणवीर के पास पुलिस की कारबाईन कैसे आ गई? पूरे प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी (विशेष जांच टीम) का गठन किया गया है। पुलिस मुख्यालय यह जानकारी भी जुटा रहा है कि जिस पुलिस जवान की कारबाइन रणवीर ने अपने हाथ में ले ली थी, उसे उन्होंने छीन लिया था या फिर जवान ने स्वयं उसे रखने के लिए उनको दिया था? आरंभिक तौर पर यह बात सामने आयी है कि रणवीर के पास जो कारबाइन थी, वह विधायक पूनम यादव को मिले दो अंगरक्षकों में किसी एक की है।
 पुलिस मुख्यालय ने खगडि़या एसपी से जो रिपोर्ट मांगी है, उसमें यह बताने को कहा गया है कि विधायक के किस अंगरक्षक ने अपनी कार्बाइन उनके (पूनम यादव) पति को दी? अगर कार्बाइन छीन ली गई, तो फिर इस बारे में आला अधिकारियों को कोई सूचना दी गई या नहीं? विधायक पति के हाथ में जो कार्बाइन थी, उससे फायरिंग हुई या नहीं इसकी भी जांच होगी।
इस कांड की जांच के लिए मुजफ्फरपुर के रेल एसपी शिवकुमार झा के नेतृत्व में पुलिस मुख्यालय ने एक विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया है। एडीजी (पुलिस मुख्यालय) रवींद्र कुमार ने कहा एसआइटी में डीएसपी सुशील कुमार व नीलेश सहित दो इंस्पेक्टर स्तर के पुलिस अफसरों को भी शामिल किया गया है। खगडि़या के एसपी मिठु प्रसाद ने आज हुई गिरफ्तारियों की पुष्टि की। पकड़े गए सभी लोगों पर मुख्यमंत्री का विरोध, रोड़ेबाजी व आगजनी करने का आरोप है। सदर एसडीओ सुभाषचंद्र मंडल ने लाज व छात्रावास मालिकों को एक सप्ताह के लिए अपने छात्रावास व लाज खाली कराने को कहा है। घायलों को बेहतर उपचार हेतु अन्यत्र रेफर कर दिया गया है। पुलिस हालात पर काबू पाने के लिए शुक्रवार को तत्पर दिखी। खगडि़या व आसपास का क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की सक्रियता दिख रही है। भागलपुर के आइजी एके अंबेडकर, मुंगेर के डीआइजी अनिल किशोर यादव खगडि़या में डेरा डाले हुए हैं। एसपी के अनुसार स्थिति सामान्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें। इस बीच, रणवीर के बारे में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने साफ कर दिया है कि वे तो जदयू के सदस्य तक नहीं है। हां, यह जरूर है कि उनकी पत्नी पूनम देवी उनकी पार्टी की विधायक हैं।