ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नगर पार्षदों की पहली आम बैठक में सभी ने लिया नगर के विकास का संकल्प

नवगछिया नगर पंचायत में शनिवार को नगर पार्षदों की पहली आम बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जिसमें मौजूद मुख्य पार्षद इन्द्रा देवी, उप मुख्य पार्षद अरुण कुमार यादव उर्फ़ कृष्ण देव यादव के अलावा सभी वार्ड पार्षदों ने नगर के विकास का संकल्प लिया। साथ ही बीपीएल सूची में छूटे लोगों का नाम जोड़वाने का भी संकल्प लिया।
इस पहली आम बैठक का संचालन कार्य पालक पदाधिकारी संजय कुमार ने की । जिसकी अध्यक्षता मुख्य पार्षद इन्द्रा देवी ने की। बैठक का संचालन करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी ने सभी नए एवं पुराने पार्षदों का स्वागत किया। मुख्य पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। मुख्य पार्षद ने भी सभी पार्षदों को माला पहना कर सम्मानित किया।
इसी क्रम में कार्यपालक पदाधिकारी ने सभी पार्षदों को अपने अधिकार और कर्तव्यों की जानकारी भी दी। साथ ही इस वित्तीय वर्ष में उपलब्ध राशि की विस्तृत जानकारी भी दी गयी। मौके पर मुख्य पार्षद द्वारा सभी पार्षदों से योजनाओं की सूची भी मांगी गयी।
इस पहली बैठक के दौरान कई पार्षदों ने अलग अलग मामले भी उठाये। जिसमें मुख्य रूप से बस पड़ाव के समीप बिजली के तार को उंचा कराना, नगर पंचायत कार्यालय के समीप से टेम्पू की भीड़ को हटवाना, बीपीएल एवं अन्त्योदय के खाद्यान्न का हर माह उठाव निश्चित कराना, नगर की नियमित सफाई एवं कूड़ा का उठाव कराना, बैठक के कार्यवाही की प्रति उपलब्ध कराना इत्यादि मामले थे।