किसानों एवं आम लोगों को बड़ी राहत देने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार तक केरल पहुंचने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के डायरेक्टर जनरल लक्ष्मण सिंह राठौर ने बताया कि देश में मानसून आने ही वाला है।
केरल के कई हिस्सों में सोमवार को सुबह बारिश हुई। हम बुधवार को केरल के तट पर मानसून पहुंचने की घोषणा कर सकते हैं। आमतौर पर केरल में मानसून एक जून को आता है लेकिन कुछ दिनों की देरी से चिंता होने की जरूरत नहीं है क्योंकि सामान्य मानसून में चार दिन का अंतर नकारात्मक नहीं माना जाता है। इस साल पश्चिमी तट पर मानसून की प्रगति लगातार बनी हुई है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमी प्रशांत महासागर में सक्रिय मावार तूफान के चलते मानसून में थोड़ी देरी हुई है। लेकिन राठौर के अनुसार इससे भारतीय मानसून पर कोई असर पडऩे की संभावना नहीं है। अल नीनो का भी कोई असर होने की आशंका नहीं है। समुद्र के तापमान में मामूली बढ़त से मानसून प्रभावित नहीं होगा।