ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बीडीओ-सीओ के कार्यों की होगी ग्रेडिंग

बीडीओ-सीओ के कार्यों की अब ग्रेडिंग होगी। वीडियोकांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंडों के साथ संवाद स्थापित होगा। कौन बीडीओ (प्रखंड विकास पदाधिकारी) या सीओ (अंचल अधिकारी) कैसा कार्य कर रहे हैं उनके कार्य आधारित परफारमेंस की गणना होगी। प्रखंडों को जो लक्ष्य दिया गया है और उसमें उपलब्धि को बीडीओ की परफारमेंस के साथ जोड़ा जाएगा। यही स्थिति सीओ को राजस्व विषय में कार्यों के निष्पादन के साथ जोड़ा जाएगा।
जिला पदाधिकारी प्रेम सिंह मीणा ने गुरुवार को अपने कक्ष में उप विकास आयुक्त गजानन मिश्र सहित कई अधिकारियों के साथ विभिन्न कार्यालयों के कार्यों के संबंध में जानकारी ली। डीएम का मानना है कि बढि़या कार्य करने वाले बीडीओ-सीओ को अंक दिया जाएगा। कार्यों में अधिकतम अंक दस रहेगा। सूत्रों ने बताया कि नए डीएम वैशाली फार्मेट के आधार पर ग्रेडिंग प्रणाली यहां लागू कर रहे हैं। ग्रेडिंग में बढि़या या खराब कार्य करने वाले अधिकारियों की परफारमेंस सीआर में जुड़ेगी। डीएम ने प्रखंड में चल रहीं सभी योजनाओं को लक्ष्य और उपलब्धि के साथ जोड़ा है। उप विकास आयुक्त गजानन मिश्र ने बताया कि खराब प्रदर्शन करने वाले बीडीओ-सीओ को चिह्नित कर उनके खिलाफ सरकार को लिखा जाएगा। प्रखंड में चल रहीं योजनाओं इंदिरा आवास, पेंशन, छात्रवृत्ति, बीआरजीएफ आदि में लक्ष्य और उपलब्धि के आधार पर ग्रेडिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के 11 प्रखंडों में वीडियोकांफ्रेंसिंग की सुविधा है। शेष पांच प्रखंडों में भी इस सुविधा को शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विस्वान के माध्यम से प्रखंड और जिले के बीच वीडियोकांफ्रेंसिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी। डीडीसी ने बताया कि वीडियोकांफ्रेंसिंग की व्यवस्था साप्ताहिक या पाक्षिक हो सकती है।